पानीपत। जिला बार एसोसिएशन के चुनाव अधिकारी ने ईवीएम से वोट डलवाने की मांग की है। इस संबंध में वकील शनिवार को डीसी सुशील सारवान से भी मुलाकात करेंगे। पांच पदों पर चुनाव लड़ने जा रहे 15 उम्मीदवारों की शुक्रवार को सूची तैयार की गई है। यह शनिवार को चस्पा दी जाएगी। दूसरी ओर यह भी तय किया गया है कि चेंबर का बिजली बिल न जमा करने वाले अधिवक्ता वोट नहीं डाल सकेंगे।
चुनाव अधिकारी राजेश अहलावत के दिशा-निर्देश अनुसार सहायक चुनाव अधिकारी कर्णपाल, राकेश गुज्जर, सुरेंद्र ने सभी उम्मीदवारों के साथ दोपहर तीन बजे बैठक की और सभी कों चुनाव से संबंधित नियम व शर्तें बताईं। दोपहर एक बजे तक की समय सीमा बीतने तक किसी भी उम्मीदवार ने नाम वापस नहीं लिया।
दूसरी ओर चुनाव अधिकारी ने बताया कि बार एसोसिएशन के 198 वकीलों का करीब 10 से 12 लाख रुपये बिजली का बिल बकाया है।
बैठक में फैसला किया गया कि 17 दिसंबर तक जिस भी अधिवक्ता के चेंबर का बिजली का बिल बकाया रहता है तो वह मत नहीं डाल सकेगा। उम्मीदवारों को समझाया गया कि वे किसी भी अधिवक्ता के घर समर्थन के लिए नहीं जाएंगे। साथ ही प्रचार के लिए चेंबर परिसर में पोस्टर भी नहीं लगा सकते हैं। सहायक चुनाव अधिकारी राकेश गुज्जर ने बताया कि बैठक में अधिवक्ताओं ने ईवीएम की मांग की है। इसे लेकर वह शनिवार को डीसी सुशील सारवान से मिलेंगे। वहीं इसके अलावा चुनाव में सुरक्षा इंतजाम के लिए वह एसपी शशांक कुमार सावन से मिलेंगे।
आठ और के नाम मतदाता सूची में शामिल के लिए आया पत्र
बार एसोसिएशन चुनाव के लिए चुनाव अधिकारियों की तरफ से 1984 अधिवक्ताओं की सूची भेजी है। पंजाब एंड हरियाणा बार काउंसिल की तरफ से चुनाव अधिकारी और सहायक चुनाव अधिकारी के पास एक पत्र भेजा गया है। इसमें अधिवक्ता उषा खन्ना, नफे सिंह रावल, नरेश गुप्ता, नवीन कुमार, अनिल कुमार खुराना, हिमांशु कुमार, साहिल सपरा, सुधीर कुमार कुंडू का नाम शामिल है। पत्र में लिखा है कि आरओ और एआरओ उपरोक्त सभी अधिवक्ताओं की जांच करे। उनका रिकॉर्ड साफ है और जांच के बाद अगर उन्हें लगता है कि नाम शामिल होने चाहिए, तो उन्हें सूची में शामिल किया जाए। दूसरी ओर सहायक चुनाव अधिकारी राकेश गुज्जर ने बताया कि इस संबंध में उन्हें ऑफिशियल पत्र नहीं मिला है। पत्र के आधार पर कार्यवाही की जाएगी।
इन्होंने भरे नामांकन
प्रधान पद के लिए सुरेंद्र दूहन, वीरेंद्र मलिक और राजेश शर्मा, उप प्रधान के लिए कमल दुआ और सुनील कुमार वधवा, सचिव के लिए वैभव देशवाल और आशीष बंसल, सह सचिव के लिए नवीन जसपाल, राजेश गर्ग, साजिद अली सैफी और संयम बतरा, कोषाध्यक्ष के लिए अमित भारद्वाज, दीपक सचदेवा, जितेंद्र रावल, रोहतास कुमार देहरान शामिल हैं।