जाटल रोड पर सौंधापुर के पास एक फैक्टरी के लेबर क्वार्टर में हो रहे बाल विवाह को रुकवाया गया। परिजनों ने पहले बेटी के बालिग होने का दावा किया, लेकिन जब प्रमाण पत्र नहीं प्रस्तुत कर पाए तो मान लिया कि बेटी अभी शादी के लायक नहीं हुई है।
महिला संरक्षण एंव बाल विवाह निषेध अधिकारी रजनी गुप्ता ने बताया कि सीडब्ल्यूसी अधिकारी मुकेश आर्य की तरफ से उन्हें सूचना मिली थी कि जाटल रोड पर सौंधापुर के पास एक फैक्टरी में बने लेबर क्वार्टर में बाल विवाह हो रहा है। जिस सूचना पर रविवार दोपहर एक बजे मौके पर पहुंचीं तो निकाह किया जा रहा था। जिसके बाद उन्होंने दुल्हन और दूल्हे का आयु प्रमाण पत्र मांगा। दोनों पक्षों ने पहले दुल्हन की आयु 18 वर्ष बताई, लेकिन जब आयु प्रमाण-पत्र नहीं मिला तो परिवार ने मान लिया कि उनकी लड़की की आयु पूरी नहीं है। दोनों पक्षों ने लिखित में दिया है कि जब तक दुल्हन की आयु 18 वर्ष नहीं हो जाती, तब तक वह शादी नहीं करेंगे। अधिकारी ने बताया कि गहनता से काउंसलिंग करने के लिए दोनों पक्षों को सोमवार को कार्यालय बुलाया गया है।