पानीपत। निजी अस्पताल में उपचाराधीन घायल शशि ।
- फोटो : Panipat
पानीपत। दिल्ली पैरलल नहर के किनारे शनिवार की रात पौने नौ बजे कंफेक्शनरी की दुकान पर सिगरेट लेने के बहाने आए तीन बदमाशों ने दुकानदार को गोली मार दी। इससे दुकानदार जख्मी हो गया। वहीं आरोपी बदमाश गल्ले में रखे दो हजार रुपये और आईफोन लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दुकानदार दिन में पांच लाख रुपये बैंक से निकालकर लाया था। आशंका जताई जा रही है कि उसी रकम के लिए बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। घायल दुकानदार पानीपत में तैनात एक एसएचओ का दामाद है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ और जांच के बाद मामले में सोमवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गांव अदियाना निवासी शशि कुमार (30) ने बताया कि वह फिलहाल शांति नगर में रहते हैं। उनकी दिल्ली पैरलल नहर के पास एक कंफेक्शनरी की दुकान है। 29 जनवरी की रात पौने नौ बजे एक बाइक पर सवार तीन युवक आए। उनमें से दो दुकान के अंदर आए और सिगरेट मांगी। सिगरेट लेने के लिए मुड़ते ही दोनों ने मारपीट शुरू कर दी। तभी एक बदमाश ने जेब से पिस्तौल निकाली और उनके सीने पर तान दी।
विरोध करने पर बदमाश ने गोली चला दी जो उनकी जांघ में लगी है। इसी दौरान दुकान के बाहर खड़ा तीसरा बदमाश अंदर घुसा और गल्ले से दो हजार रुपये और आईफोन निकाल लिया। इसके बाद तीनों बदमाश फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और काल डिटेल की मदद से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ के आधार पर तीसरे आरोपी की भी तलाश की जा रही है।
पानीपत। घायल शशि के जांग में लगी थी गोली।- फोटो : Panipat