पानीपत। ऑनलाइन शॉपिंग से राकेट मंगवाया युवक को भारी पड़ गया। डिलीवरी नहीं हुई तो युवक ने कंपनी के कस्टमर केयर नंबर पर कॉल की। फोन उठाने वाले ने उसे एक लिंक भेजकर पांच रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद उसके खातों से चार बार में 82 हजार रुपये की रकम उड़नछू हो गई। पुलिस ने शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 24 निवासी कृष्णनम खन्ना ने बताया कि उसका सेक्टर 24 स्थित एसबीआई और एक्सिस बैंक ब्रांच में बचत खाता है। उसने फ्लिपकार्ट से ऑनलाइन पटाखे वाला राकेट मंगाया था, जो उसे समय पर नहीं मिला। उसने फ्लिपकार्ट कंपनी के कस्टमर केयर पर कॉल की तो सामने वाले ने उसे खाते से पांच रुपये उनके खाते में ट्रांसफर करने के लिए कहा। उसने लिंक से रुपये भेजे तो उसके एसबीआई वाले खाते से 49 हजार, 17 हजार और दो हजार रुपये सोमवार को निकल गए। वहीं एक्सिस बैंक वाले खाते से 14 हजार रुपये कट गए। चांदनीबाग थाना पुलिस ने पीड़ित युवक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।