पानीपत। मंगोलिया में आयोजित सीनियर एशियन चैंपियनशिप में भारत के दो पहलवानों ने दो रजत पदक जीते हैं। इनमें पानीपत की राधिका भी शामिल हैं। उन्होंने फाइनल में कजाकिस्तान की खिलाड़ी को हराकर अपने पिता का सपना पूरा किया। सीनियर एशियन चैंपियनशिप के लिए राधिका पिछले एक साल से तैयारी कर रही थीं।
जीत के बाद राधिका ने बताया कि वह चार साल से स्लिप डिस्क कर परेशानी से जूझ रही हैं। बावजूद इसके उसने कभी कुश्ती नहीं छोड़ी। चार साल पहले कुश्ती का अभ्यास के दौरान रीढ़ की हड्डी पर चोट लग गई थी, जिसका इलाज लगातार चल रहा है। राधिका ने बताया कि हर चैंपियनशिप उनके लिए महत्वपूर्ण हैं। उनके पिता का सपना था कि वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल में पदक लाकर देश का नाम रोशन करें। वह दर्द के बाद भी दर्द निवारक स्प्रे कर खेलती हैं। अब वह ओलंपिक 2024 के लिए तैयारी कर रही हैं। वह अब तक पांच राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता में स्वर्ण और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तीन पदक जीत चुकी हैं।