पानीपत के काबड़ी फाटक पास धागा मिल में झगड़ा होने पर तीन श्रमिकों ने साथी श्रमिक के साथ पहले मारपीट की फिर उसके प्राइवेट पार्ट में कंप्रेशर से हवा भर दी। कंप्रेशर से श्रमिकों के आंतरिक भागों में काफी चोट आई है। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए। अब पीड़ित श्रमिक की हालत गंभीर है। पुलिस ने मामले में आईपीसी की धारा 307 के तहत केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस आरोपियों की धरपकड़ का प्रयास कर रही है। गंगाराम कॉलोनी निवासी प्रेम पुत्र लखीराम ने बताया कि वह दो बेटियों व एक बेटे का पिता है। उसका बेटा पवन काबड़ी फाटक के पास प्रवीण वूलन मिल में काम करता है। रविवार को उसके बेटे पवन का शोभित, सत्यम व कर्ण सिंह के साथ झगड़ा हो गया था। तीनों ने फैक्टरी में पहले उसके साथ मारपीट की फिर और उसके बेटे की हत्या करने के लिए उसके प्राइवेट पार्ट में कंप्रेशर से हवा भर दी।
इससे उसके बेटे की हालत बिगड़ गई और वह बेसुध होकर गिर पड़ा। उसके पास दूसरे श्रमिकों की कॉल आई। वह फैक्टरी में पहुंचा और बेटे को निजी अस्पताल में दाखिल कराया। यहां से उसके बेटे को दूसरे बड़े प्राइवेट अस्पताल में रेफर कर दिया गया। पवन की हालत गंभीर बनी हुई है। आरोपी शोभित, सत्यम व कर्ण सिंह फरार है। पुलिस तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।