गांव थिराना रोड पर निजी स्कूल की बस ने सड़क किनारे खड़े बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। चचेरे भाई ने घायल युवक को राहगीरों की मदद से असंध रोड स्थित निजी अस्पताल में भिजवाया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। वीरवार रात को युवक की वहां मौत हो गई। पुलिस ने चंडीगढ़ पीजीआई में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर निजी बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव जोशी निवासी सोनू ने बताया कि वीरवार सुबह करीब 8 बजे वह अपने चचेरे भाई विनोद (19) के साथ बाइक पर मतलौडा से थिराना जा रहे थे। वह बाइक चला रहा था और विनोद पीछे बैठा था। थिराना गांव से कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल रोककर वह लघु शंका के लिए चला गया। विनोद बाइक के पास ही खड़ा था। इस दौरान गांव थिराना की ओर से आई निजी स्कूल की बस ने विनोद को कुचल दिया। बस चालक ने कुछ दूरी पर जाकर बस रोकी और फिर बस को लेकर फरार हो गया। वो विनोद को एक निजी वाहन असंध रोड स्थित एक निजी अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। गंभीर हालत में विनोद को चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।