थाना माडल टाउन पुलिस ने महराणा के ओमप्रकाश की हत्या के आरोप में उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। पिता की हत्या में बेटे का साथ उसके दोस्त ने भी था। इसे भी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
महराणा निवासी मृतक ओमप्रकाश की पत्नी इंद्रो ने 13 अगस्त को पुलिस को शिकायत दी थी कि उसके पति की हत्या कर दी गई है। उसकी शिकायत पर आरोपी संजय के खिलाफ केस दर्ज किया गया। उसे शनिवार को उसके साथी पंकज निवासी कालपी जिला अंबाला के साथ गोहाना रोड कोऑपरेटिव बैंक के पास से काबू किया गया। पूछताछ में संजय ने पंकज से साथ मिलकर पिता ओमप्रकाश पर रॉड से वार कर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि दोनों ने 12 अगस्त की शाम को बिंझौल नहर पटरी पर ऑटो को रोक कर शराब का सेवन किया । नशा होने पर संजय ने पंकज को बताया कि उसके पिता नशा करने से रोकते हैं और उसका घर आना भी बंद कर दिया है।जिस पर दोनों ने मिलकर ओमप्रकाश की हत्या कर दी।
थाना प्रभारी योगेश कटारिया ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर हत्या की वारदात में प्रयोग की गई लोहे की रॉड व ऑटो बरामद कर लिया है। गिरफ्तार दोनों आरोपितों को न्यायालय मे पेश कर न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया गया है।