आतंकियों के निशाने पर पानीपत कई बार रहा है। समझौता एक्सप्रेस में हुए विस्फोट के साथ ही जिले को कई बार धमाकों से दहलाया गया। पानीपत रिफाइनरी पर आतंकी साये के खुलासे के बाद रविवार को जिले में स्वतंत्रता दिवस और भी कड़ी सुरक्षा सुरक्षा में मनाया जाएगा।
स्वतंत्रता दिवस पर जिले में ध्वजारोहण मुख्य अतिथि सहकारिता मंत्री डॉ. बनवारी लाल रहेंगे। साथ ही शिवाजी स्टेडियम की सुरक्षा भी और पुख्ता कर दी गई है। रेलवे स्टेशन, बस अड्डा के साथ ही हरियाणा-उत्तर प्रदेश और हरियाणा-दिल्ली बॉर्डर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सनौली क्षेत्र उत्तर प्रदेश के शामली से लगता है, जहां के रहने वाले जैश के आतंकी ने ही पानीपत रिफाइनरी की रेकी की है।
एसपी ने जिले के सभी डीएसपी, थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों के साथ ही अन्य पुलिस बल को सतर्कता के साथ सघन जांच के आदेश दिए हैं। शहर में 20 से अधिक जगहों पर नाकाबंदी कर दी गई है, जहां से बगैर वाहनों की जांच के नहीं गुजरा जा सकता। संदिग्धों पर नजर रखने के लिए शहर के सभी चौक, भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस सादे कपड़ों में तैनात कर दी गई है।
होटल, ढाबे, धर्मशाला, रेस्टोरेंट की जांच शुरू कर दी गई है। वहां ठहरे लोगों के पहचान पत्रों की जांच की जा रही है। बस अड्डे पर आने वाली सभी बसों में सवार यात्रियों के सामान की गहनता से जांच हो रही है। जिले की सीमा में प्रवेश करने वाले मार्गों पर नाकाबंदी कर जांच में सख्ती कर दी गई है। सभी पीसीआर राइडर निरंतर गश्त कर रही हैं।
कब-कब दहला पानीपत
01 फरवरी 1997: पानीपत बस स्टैंड पर कालका जाने वाली निजी बस में धमाका हुआ था। एक की मौत और करीब 20 लोग घायल हुए
18 फरवरी 2007: पानीपत के दीवाना रेलवे स्टेशन के पास लाहौर जाने वाली समझौता एक्सप्रेस में धमाका हुआ था। 68 यात्रियों की मौत हुई, 12 घायल हुए।
15 जनवरी 2016: पानीपत से अंबाला जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में पानीपत रेलवे स्टेशन पर टाइमर बम धमाका।
12 मई 2016: पानीपत रेलवे स्टेशन के यार्ड में दिल्ली से पानीपत पहुंची पैसेंजर ट्रेन में शंटिंग के दौरान बम धमाका
जिले वासियों कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। कोई संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना संबधित थाना प्रभारी, चौकी इंचार्ज या डायल 112 पर दें। संदिग्ध वस्तु को न छुएं।
- शशांक कुमार सावन, एसपी, पानीपत