पानीपत। अब नहरी विभाग की रजबाहे की जमीन पर कब्जा करने वाले रसूखदारों के बंगले और गरीबों के छप्पर भी गिराए जाएंगे। सिंचाई विभाग का पानीपत माइनर की जमीन को खाली करवाने का ध्वस्तीकरण अभियान शुक्रवार को दूसरे दिन भी जारी रहा। जिसके चलते टीम ने माडल टाउन बाल विकास स्कूल से लेकर सावन पार्क तक की जमीन से अवैध निर्माण गिराने का काम पूरा किया। अब सावन पार्क से लेकर जाटल रोड तक की जमीन को खाली करवाया जाएगा। सिंचाई विभाग की ये कार्रवाई शुक्रवार को ताबड़तोड़ जारी रही। जिसमें सिंचाई विभाग के बचे अंतिम र्क्वाटर को भी मशीन ने जमींदोज कर दिया।
इस कार्रवाई को देखने स्वयं डीसी सुशील सारवान भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल्द से जल्द जमीन को खाली करवाएं। इस कार्रवाई में सिंचाई विभाग की टीम ने नगर निगम के दो एक्सईएन अधिकारियों को ड्यूटी मजिस्ट्रेट लिया था। वहीं, भारी मात्रा में पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।
अधिकारियों ने दावा किया है कि वे इस कार्रवाई को आगामी दो दिन में ही पूूरा कर देंगे। कार्रवाई का डर लोगों के चेहरों पर साफ देखने को मिला। इस जमीन पर कब्जा करने वाले कुछ लोग अपने पक्के कब्जों को खुद ही हटाते दिखाई दिए तो कुछ ने अपने घर का सामान ट्रैक्टर-ट्राली और रिक्शाओं पर ही लाद लिया।
हालांकि सावन पार्क से लेकर जाटल रोड तक सभी ने इस जमीन पर पक्के कब्जे किए हैँ। एक ने सावन पार्क की ओर मंदिर बनाया है तो दूसरी ओर जाटल रोड पर भी मंदिर बनाया गया है। यहां रहने वाले लोगों ने कार्रवाई करने पहुंचे अफसरों से भी फरियाद की कि उन्हें कुछ और समय की मोहलत दी जाए लेकिन अधिकारियों ने दो टूक शब्दों में मना कर दिया।
50 फुट के रोड में जो आया, वो होगा ध्वस्त-
मौके पर कार्रवाई करने पहुुंचे अधिकारियों ने बताया कि पानीपत माइनर की जमीन करीब 50 फुट चौड़ी है। इसकी पैमाइश की जा चुकी है। इस रास्ते में जिसका पक्का या कच्चा कब्जा आएगा उसे तोड़ दिया जाएगा। इसमें कुछ रसूखदरों के बंगले का कुछ हिस्सा भी आता है तो कुछ झोपड़ियां भी हैं। इनको चिह्नित कर इन पर निशान तक लगाया गया है। अब इनको गिराने का काम किया जाएगा।
करीब 4400 फुट में से 1100 फुट करवाया खाली- एसडीओ
सिंचाई विभाग के एसडीओ राजेश कुमार ने बताया कि इस जमीन करीब 4400 फुट लंबाई बनती है। जिस पर करीब 147 लोगों ने कब्जे किए हुए थे। इनको ध्वस्त किया जा रहा है। इसमें से ध्वस्तीकरण अभियान चलाकर करीब 1100 फुट के आसपास को खाली करवा दिया गया है। आगामी दो से चार दिन में बाकी जमीन को भी कब्जा मुक्त करवा दिया जाएगा। इस जमीन पर कब्जा करने वालों में चाहे को रसूखदार आए या गरीब सबका कब्जा छुड़वाया जाएगा।