बापौली। सनौली-तामसाबाद रोड पर जाम लगाते किसान।
- फोटो : Panipat
चार दिन से धान की खरीद नहीं होने से परेशान किसानों ने बुधवार को सनौली-तामसाबाद रोड पर जाम लगाकर अपना विरोध जताया। किसानों ने इस मौके पर कहा कि उपायुक्त अपने मुर्दाबाद के नारे सुनना चाहते हैं, शायद इसलिए धान खरीद में लेट लतीफी की जा रही है। पिछले चार दिन से घर एवं खेत छोड़कर मंडी में धान की फसल के पास बैठे हैं, लेकिन धान नहीं खरीदा जा रहा।
किसानों ने कहा कि उन्हें अपनी फसल की रखवाली करनी पड़ रही है। आरोप लगाते हुए कहा कि धान में नमी बताकर खरीदने से मना किया जा रहा है। किसान नरेश, सुनील, विकास, मेहरबान, ईमरान, हनीस व मतलूम आदि ने कहा कि सरकार उनके सब्र का इम्तिहान न ले नहीं तो वे पानीपत स्थित उपायुक्त कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने पर मजबूर होंगे। किसानों से नाराजगी में अभी तक सरकार ने हर कदम पर मुंह की खाई है। इस मामले में भी सरकार खरीद की तिथि आगे करके देख चुकी है, जिसे वापस तक लेना पड़ा था। इसलिए वे सरकार व जिला प्रशासन से मांग करते हैं कि वीरवार को उनकी धान की फसल की खरीद कराई जाए। अगर नहीं करवाई गई तो अधिकारी बड़े आंदोलन के लिए तैयार रहे।