पानीपत। अस्पताल में उपचाराधीन सिकंदर।
- फोटो : Panipat
पानीपत। भतीजा पैदा होने की खुशियां मना रहे युवक को कुछ दोस्तों ने घर से बुलाकर मारपीट कर घायल कर दिया। लोहे के रॉड और डंडों से हमलाकर उसे अधमरी हालत में छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। घटना 10 मई की रात की है। सेक्टर थाना 29 पुलिस ने केस दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है।
गांव नांगलखेड़ी निवासी सिकंदर ड्राइविंग करता है। वह 10 मई को वह घर पर अपने भतीजे की छठी समारोह मना रहा था। सिकंदर ने बताया कि बड़े भाई को बेटा पैदा हुआ है, जिसकी खुशी में कार्यक्रम चल रहा था। रात करीब साढ़े 10 बजे नांगलखेड़ी निवासी दीपक उसे घर से बुलाकर ले गया। थोड़ी दूरी पर कुनाल उर्फ कन्नू, बोलर, सतीश उर्फ काला और रवि खड़े थे। दीपक और बोलर ने उस पर लोहे की रॉड और डंडों से पीटना शुुरू कर दिया। गांव के ही रोहताश और प्रवीन ने आकर उसे छुड़ाया। मौका मिलते ही वह छूटकर भागने लगा। आरोपियों ने उसे कुछ दूरी पर फिर पकड़ लिया और उस पर दोबारा हमला किया। धमकी दी कि वह हमेशा उनके काम के बीच में आता है। इसलिए वह अब जिंदा नहीं छोड़ेंगे। आरोपी अधमरा छोड़कर फरार हो गए। स्थानीय लोगों ने मिलकर उसे सामान्य अस्पताल पहुंचाया।
पिछली रंजिश में किया हमला
सिकंदर के बड़े भाई अशोक ने बताया कि आरोपी पिछले दिनों पहले एक युवक पर हमला कर रहे थे, जिसमें सिकंदर ने बीचबचाव कर छुड़ा दिया था। इसी रंजिश में आरोपियों ने उसे निशाना बनाया। सिकंदर की हालत गंभीर बनी हुई है। वह सामान्य अस्पताल में उपचाराधीन है। अशोक का कहना है कि हमलावर अब भी उन्हें गोली मारने की धमकी दे रहे हैं, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं कर रही है।
वर्जन
युवक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर मंजीत, सेक्टर 29 थाना प्रभारी