काबड़ी रोड पर ऑटो में सवार बदमाशों ने एक प्रवासी पर चाकू से हमला कर नौ हजार रुपये व मोबाइल लूट लिया। श्रमिक पानीपत में टेक्सटाइल के उत्पाद खरीदने आया था। बदमाश वारदात को अंजाम देकर ऑटो में फरार हो गए। लोगों की मदद से वो इलाज के लिए सिविल अस्पताल में पहुंचा। बदमाशों ने हाथ व सिर पर चाकू से हमला किया था।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के गांव इस्लामबाग निवासी कमरुद्दीन पुत्र दुबर अली ने पुराना औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार दोपहर को वो पानीपत में टेक्सटाइल का सामान खरीदने के लिए आया था। वह सामान खरीदने से पहले काबड़ी रोड पर अपने रिश्तेदार से मिलने के लिए जा रहा था। इसके लिए उसने बस स्टैंड से ऑटो में लिफ्ट ली। ऑटो में चालक के अलावा एक और युवक बैैठा था। गांव काबड़ी के पास ऑटो चालक ने ऑटो रोक दिया। ऑटो में पहले से बैठे एक युवक ने उसके हाथ पकड़ लिए। ऑटो चालक ने उसके हाथ व सिर पर चाकू से हमला कर दिया और उससे 9 हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। उसने सिविल अस्पताल में अपना इलाज कराया। डॉक्टरों ने ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस को घटना की सूचना दी। पुलिस ने पीड़ित के बयान दर्ज कर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।