शहर में वार्ड नंबर तीन का सुधीर नगर एक ऐसा क्षेत्र है, जहां साढ़े तीन महीने तक लोगों को लगातार सिफारिशों, शिकायतों, धरना प्रदर्शन करने के बाद भी पीने का पानी नसीब नहीं हो पाया है। लोगों की फरियादों के बाद निगम ने यहां नया ट्यूबवेल लगाया, लेकिन सप्लाई कनेक्ट न होने की वजह से इसे चालू नहीं किया जा रहा है। जिसके चलते प्यासे लोग 600 रुपये देकर पानी का टैंकर मंगवा कर अपनी प्यास बुझा रहे हैं।
वहीं, मंगलवार को नए ट्यूबवेल चालू करने को लेकर पुरानी पाइपलाइन जोड़ने का काम किया गया। इसके लिए निगम ने जेसीबी मंगवा ली। इसके विपरीत जेसीबी ने लोगों के घरों के कनेक्शन ही उखाड़ दिए। इससे लोगों की समस्याएं घटने की जगह अब और बढ़ गई हैं। स्थानीय लोगों ने निगम प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
वार्ड नंबर तीन के इसी सुधीर नगर में पहले ट्यूबवेल से मिट्टी वाला पानी आता था, जो पीने योग्य तो दूर की बात घर के अन्य किसी काम के योग्य भी नहीं था। इस मिट्टी वाले पानी से लोगों की पानी की टंकियों में भी गंदगी जम चुकी है। नल तक जाम हो चुके हैं। वॉटर प्यूरिफायर सिस्टम तक खराब हो चुके हैं। पानी को भरने वाले मोटरें तक जल चुकी हैं। पीने के पानी की पाइप तक ब्लॉक हो चुकी हैं। लोगों ने इसकी शिकायत स्थानीय नेताओं समेत निगम अधिकारियों से भी की है, लेकिन इसके बाद भी इनकी आज तक कोई सुनवाई नहीं हो पाई है।
इसके बाद यहां नया ट्यूबवेल लगवाया गया, लेकिन न तो इसका कनेक्शन पाइपलाइन से करवाया गया और न ही इसे बिजली कनेक्शन मिला। जेसीबी से गली को उखाड़ा गया, जिससे घरों के कनेक्शन जो पाइपलाइन में जुड़े थे वे भी टूट गए। प्यासे लोगों को अपनी प्यास बुझाने के लिए खरीद कर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं।
पीने का पानी तक उपलब्ध नहीं करवा पा रहे : रामप्रकाश
स्थानीय निवासी रामप्रकाश का कहना है कि पीने के पानी की समस्या करीब साढ़े तीन महीने से है। पहले खराब ट्यूबवेल, फिर नया ट्यूूबवेल और अब कनेक्शन तक उखाड़ दिए गए। पता नहीं कब लोगों को पानी मिल पाएगा।
पीने के पानी को तरसे लोग : सतीश
सतीश ने बताया कि कॉलोनी में पीने के पानी की भारी किल्लत हैं। लोग काफी परेशान हैं। समस्या दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इसकी शिकायत सभी से की जा चुकी है लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है।
नया चालू नहीं पुराने के उखाड़े कनेक्शन : इरफान
इरफान ने बताया कि नया ट्यूबवेल तो अब तक चालू नहीं हो पाया था कि पुराने कनेक्शन तक उखाड़ दिए गए हैं। इससे कॉलोनी के लोगों में निगम के खिलाफ काफी रोष है।
पहले ही काम समस्या थी, जो अब बढ़ा दी : सुभाष खट्टर
सुभाष खट्टर का कहना है कि पहले ही पीने के पानी को लेकर कॉलोनिवासियों की कम समस्याएं थी जो अब और बढ़ा दी गई हैं। मुश्किल से ट्यूबवेल चालू हुआ था इसका भी पानी नहीं मिला।
खरीद कर मंगवा रहे पानी : नरेश वर्मा
नरेश वर्मा ने बताया कि अब पानी पीने के लिए खरीदना पड़ता है। कॉलोनीवासियों ने मिलकर मंगलवार को भी 600 रुपये का टैंकर मंगवाया गया। इससे काम चलाया गया।
अगर जेसीबी की वजह से लोगों के पानी के कनेक्शन टूटे हैं तो उनको संबंधित ठेकेदार से रिपेयर करवाया जाएगा। जल्द से जल्द पाइप लाइन को जोड़कर चालू किया जाएगा ताकि लोगों को पीने का पानी मिल सके और पानी की किल्लत न हो।
-नवीन सहरावत, एक्सईएन, नगर निगम, पानीपत।
पानीपत। वार्ड नंबर 3 के सुधीर नगर में जेसीबी से उखाड़ी गई गली, जिससे लोगों के घरों के पीने के पानी क?- फोटो : Panipat