पानीपत। सनौली रोड पर चालान करने से बिफरे कुछ लोगों ने शिव चौक पर आचार संहिता को तोड़ जाम लगा दिया और पुलिस के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
दोनों युवकों का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने जान बूझकर उनकी मोटरसाइकिल का चालान किया है और उनके साथ दुर्व्यवहार किया है। पुलिस ने आधा घंटे की मशक्कत के बाद जाम खुलवाया और अज्ञात के खिलाफ धारा 144 तोड़ने और जाम लगाने का मामला दर्ज किया है।
उग्रा खेड़ी के अमित और रिंकू का आरोप है कि वे गांव से जूस पीने के लिए आए थे। वे दोनों शिव चौक पर मोटरसाइकिल खड़ी कर जूूस पी रहे थे। इसी समय पुलिसकर्मी आए और उनकी मोटरसाइकिल को चाबी लगाकर ले जाने लगे। उन्होंने पुलिसकर्मी को टोका तो मोटरसाइकिल का चालान करने की बात कही और उनके साथ दुर्व्यवहार किया।
दो युवकों की अगुवाई में कुछ लोगों ने ऑटो और अन्य वाहन शिव चौक पर अड़ाकर जाम लगा दिया। कुछ ही देर में दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई। आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलने पर बबैल नाका चौकी प्रभारी मौके पर पहुंचे और आक्रोशित लोगों को शांत करने का प्रयास किया। जिसके बाद एसएसओ चांदनी बाग मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित लोगों को समझाया और शांत किया।
वाहन चालकों को उठानी पड़ी परेशानी
शाम के समय सनौली रोड पर आधा घंटे तक जाम लगाए रखा। इससे राहगीरों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बताया जा रहा है कि शाम के समय यह रोड सबसे व्यस्त हो जाता है। रोड पर सामान्य रूप से भी निकलने में काफी मशक्कत करनी पड़ती है। लोगों द्वारा जाम लगाने का वाहन चालकों को कई घंटे तक खामियाजा भुगतना पड़ा।
कुछ लोगों ने सनौली रोड शिव चौक पर जाम लगा दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंच आक्रोशित लोगों को शांत कराकर जाम खुलवाया। वे पुलिसकर्मियों द्वारा किए गए चालान का गलत बता रहे थे। लोगों ने जाम लगाया है और धारा 144 तोड़ी है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
ऋषिकांत शर्मा, एसएचओ, थाना चांदनी बाग