पानीपत। उधार के छह सौ रुपये नहीं लौटने पर ठेकेदार ने अपने कर्मी के बच्चे का अपहरण कर लिया। मकान मालिक की ओर से बेटे के अपहरण की सूचना पर घर पहुंचे पिता ने माडल टाउन थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने तीन घंटे के भीतर बच्चे को बरामद कर लिया और आरोपी ठेकेदार को गिरफ्तार कर लिया।
आठ मरला चौकी पुलिस को दी शिकायत में मूलरूप से बिहार के बेतिया जिला के गांव दुबोलिया निवासी मजहर आलम ने बताया कि वह पानीपत आठ मरला चौकी के क्षेत्र अंतर्गत काली माता मंदिर के पास किराए के मकान में रहता है। उसके चार बच्चे हैं। वह तीन माह पहले ठेकेदार महेश के पास काम करता था। एक निर्माणाधीन मकान में दूसरी मंजिल से पहली मंजिल पर गिरने की वजह से उसका हाथ टूट गया था। वह काम करने में असमर्थ था, जिस वजह से उसने घर खर्च चलाने के लिए ठेकेदार महेश से 1200 रुपये उधार लिए थे। वह ठीक हुआ तो उसने 600 रुपये ठेकेदार को लौटा दिए और बाकी के 600 रुपये जल्द लौटाने का आश्वासन दिया था। सोमवार को वह पत्नी के साथ काम पर गया था। बड़ी बेटी आंगनबाड़ी वर्कर के साथ गई थी, जबकि उसके दो बेटे घर पर थे। इसी बीच आरोपी ठेकेदार महेश घर में घुसकर उसके चार वर्षीय मझले बेटे शाहिद का अपहरण कर ले गया।
मकान मालिक ने उसे फोन कर बेटे के अपहरण की सूचना दी। इसके बाद वह पत्नी के साथ घर पहुंचा। मकान मालिक ने बताया कि एक गंजा और चोटी रखने वाला युवक घर में घुसा था। उन्होंने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह बच्चे को लेकर चला गया। बताई गई पहचान के अनुसार उसे महेश ठेकेदार पर शक हुआ, जिसके बाद वह मॉडल टाउन थाना पहुंचा और शक जताते हुए बेटे के अपहरण होने की शिकायत दी।
रुपये न लौटाने पर ठेकेदार दे चुका था धमकी
मजहर आलम ने बताया कि 600 रुपये न लौटाने पर ठेकेदार महेश नाराज चल रहा था। उसने अपहरण से कुछ घंटे पहले ही धमकी भी दी थी कि वह उसका इतना बड़ा नुकसान करेगा कि जिसके बारे में वह सोच नहीं सकता, लेकिन उसने उसकी बात को गंभीरता से नहीं लिया और काम पर चला गया।
आरोपी महेश के घर से बच्चे को बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद कोर्ट के आदेश पर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
- इंस्पेक्टर योगेश कुमार, मॉडल टाउन थाना प्रभारी