9 गांवों के सैकड़ों किसानों को जमीन के बदले प्लॉट इस माह मिलेंगे। टेक्सटाइल सिटी के लिए जमीन देने वाले तीन 9 गांवों के 1188 किसानों के लिए ये खुशखबरी है। जमीन अधिग्रहण के बदले हुडा ने उन्हें सिटी के अंदर प्लॉट देने की जो योजना कई साल पहले बनाई थी, वह लंबी जद्दोजहद के बाद आखिरकार सिरे चढ़ गई है।
हुडा अधिकारियों ने संकेत दिया है प्लाटों का ड्रा इसी माह कर दिया जाएगा। इस संबंध में नोटिस भी जारी कर दिया गया है। अभी तक ड्रा लटकने का कारण प्लॉटों की सूची में खामी होना था, परंतु अब प्लॉटों की सूची में बनी खामी को जहां दूर कर लिया गया है। विभाग किसानों के साथ जिमखाना क्लब में 21 और 23 जनवरी को मीटिंग कर कागजों की जांच कर चुका है। किसानों को सेक्टर 6, 7, 12, 13, 17, 18, 24, 25, सेक्टर 25 पार्ट टू और 40 में प्लॉट दिया जाएगा। जिन किसानों के आवेदन लंबित हैं उनको एक सप्ताह में कार्यालय में आकर कागजों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
कुछ साल पहले किसानों को सिटी के अंदर ही प्लाट देने की योजना बनाई थी। हुडा द्वारा प्लाटों का जैसे ही आवेदन मांगा गया किसानों ने सिक्योरिटी जमा करवा दी थी। परंतु करीब 6 साल से किसान प्लाट के लिए हुडा कार्यालय के चक्कर काटते रहे। यही नहीं वर्ष 2014 में हुडा ने जो प्लॉटों की सूची बनाई थी, उसमें बड़ी खामी हो गई थी। बाद में उक्त सूची में दर्ज खामी को दूर किया गया था। इन सेक्टरों में इतने आवेदन-सेक्टर-18 में 8 आवेदन, सेक्टर 13-17 में दो आवेदन, सेक्टर 24 में 52 आवेदन और सेक्टर 25 पार्ट टू में 4 आवेदन आए हैं।
192 आवेदन लंबित
6 नवंबर 2018 से 24 दिसंबर 2018 तक सेक्टर 6, 7, 12, 13, 17, 24, 25 और 40 में ओस्टीज पॉलिसी के तहत 192 प्लॉट आरक्षित हैं। इनके आवेदन अब तक लंबित हैं। इनको विभाग ने सूचना देकर एक सप्ताह का समय दिया है। ये किसान हुडा कार्यालय में आकर कागजों की जांच कराकर आवेदन कर सकते हैं।
11 सेक्टरों में मार्च में होगी ई-बोली
एचएसवीपी जल्द 11 सेक्टरों में 1611 रिहायशी और कॉमर्शियल प्लॉटों की ई-बोली करने जा रहा है। इस सब प्लॉटों की कीमत भी तय कर दी गई है। प्लॉटों की बोली कलेक्टर रेट पर होगी, ताकि लोग अपनी क्षमता के अनुसार प्लॉट खरीद सकें। इससे आर्थिक तंगी से गुजर रहा विभाग तंगी से उभरेगा। खाली पड़े प्लॉट बिकेंगे और सेक्टर आबाद होंगे।
इन गांवों के किसानों की भूमि की गई अधिकृत
गांव उग्राखेड़ी और रिसालू गांव की भूमि सेक्टर 24 और 25 में अधिकृत की गई। गांव अजीजुलापुर की सेक्टर 18 में, नूरवाला गांव की 13-17 में, बिचड़ी गांव की सेक्टर 18, 13, और 17 में, सिवाह गांव की सेक्टर 29 पार्ट टू में, गांव निजामपुर की सेक्टर 18 में, गांव काबड़ी और फरीदपुर की सेक्टर 6 व 7 में अधिकृत की गईं हैं।
इस माह ड्रा करना प्राथमिकता : रंगा
हुडा इस्टेट ऑफिसर योगेश रंगा ने बताया कि उन्होंने प्लॉटों का ड्रा करने की पूरी तैयारी कर ली है। इस माह ड्रा करना प्राथमिकता रहेगी। ड्रा कई कारणों के कारण नहीं हो पा रहा था। अब इस संबंध में नोटिस जारी कर दिया गया है। जो आवेदन लंबित हैं उनको कार्यालय आकर कागजातों की वेरिफिकेशन कराने के निर्देश दिए गए हैं।