दुर्गा कॉलोनी में खेलते-खेलते घर से बाहर निकले पांच वर्षीय मासूम को ई-रिक्शा चालक ने कुचल दिया। मासूम की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना एक अगस्त की है। दो को उसे पीजीआई रेफर किया गया था। जहां तीन अगस्त को उसने दम तोड़ दिया। पिता के बयान पर किला थाना पुलिस ने आरोपी ई-रिक्शा चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूलरूप से गांव जलालपुर निवासी शहजाद ने बताया कि वह हाल ही में दुर्गा कॉलोनी में रहते हैं। उसके दो बेटे हैं। बड़ा बेटा पांच वर्षीय अबुजर एक अगस्त को शाम सात बजे घर से खेलते-खेलते गली में पहुंचा गया। इसी बीच तेज रफ्तार में आ रहे ई-रिक्शा चालक ने बेटे को टक्कर मार दी और उसके पेट के ऊपर से पहिया उतार कर फरार हो गया। पड़ोसियों की चीख पुकार सुनकर अंदर काम कर रही मां बाहर निकली तो मासूम खून से लथपथ हालत में बेहोश पड़ा था। वह दो अगस्त को बेटे को सामान्य अस्पताल लेकर गए। गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया। तीन अगस्त की रात आठ बजे बेटे ने दम तोड़ दिया।
पीड़ित पिता की शिकायत पर आरोपी ई-रिक्शा चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। आगामी कार्रवाई जारी है।
-इंस्पेक्टर महिपाल सिंह, किला थाना प्रभारी