पानीपत। विकास नगर में गली नंबर 10 में पत्नी के साथ इवनिंग वॉक कर रहे युवक से गोली मारने की धमकी देकर पांच बदमाश चार तोले की सोने की चेन लूटकर फरार हो गए। पीड़ित ने बताया कि सभी बदमाश नकाबपोश थे। पीड़ित ने पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना दी, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की।
विकास नगर निवासी दीपक ने बताया कि वह सोमवार रात करीब 10 बजे अपनी पत्नी प्रियंका के साथ गली में घूम रहा था। इसी बीच दो बाइक पर सवार होकर चार से पांच बदमाश आए और उसे गाली-गलौज करते हुए चेन उतारकर देने के लिए कहा। उसने मना किया तो आरोपियों ने गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपी चार तोले सोने की चेन लेकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर 29 थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू की।