पानीपत। सिंघु बॉर्डर पर जाकर जिले के किसान प्रदेशअध्यक्ष चढ़ूनी से कावड़ यात्रा के बारे में बात ?
- फोटो : Panipat
पानीपत। जिस तरह से सावन में शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लाकर भगवान शिव को अर्पित करते है, ठीक इसी तरह अबकी संयुक्त किसान मोर्चा ने डाक कांवड़ यात्रा निकालने का निर्णय लिया है। हालांकि यह डाक कांवड़ यात्रा हरिद्वार से नहीं बल्कि पानीपत टोल प्लाजा से शुरू होगी और सिंघु बार्डर पर जाकर समाप्त होगी। वहां पर भगवान शिव का जलाभिषेक किया जाएगा। इस आयोजन के लिए जिला भारतीय किसान यूनियन की ओर से जिले के किसानों के लिए टीशर्ट बनवाई जा रही है ताकि डाक कांवड़ यात्रा में सभी किसानों एक जैसे दिख सके।
गौरतलब है कि डाक कांवड़ यात्रा के लिए हर जिले से मिट्टी और पानी मंगवाया जा रहा है। पानीपत के 195 गांव की मिट्टी भी सिंघु बॉर्डर पर मंगाई गई है। यहां की डाक कांवड़ यात्रा अगले हफ्ते 6 अगस्त से पहले निकाली जाएगी। अभी भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष और जिला अध्यक्ष के बीच तिथि को लेकर बातचीत चल रही है। दो दिन पहले भी जिला प्रधान सुधीर जाखड़ सिंघु बॉर्डर गुरनाम सिंह चढ़ूनी से मिलने पहुंचे थे। सुुधीर जाखड़ ने बताया कि सोमवार तक तय तारीख जिले के किसानों को बता दी जाएगी। गौरतलब है कि सिंघु बॉर्डर पर डाक कांवड़ यात्रा निकालने वाले जिलों में से केवल पानीपत जिला ही ऐसा रहेगा जिसके किसान एक जैसी टीशर्ट पहनकर आएंगे।
सभी गांवों के किसानों को कांवड़ में शामिल होने का निमंत्रण
जिले के सभी गांव के किसानों को कांवड़ यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया है। अपने-अपने गांव से मिट्टी व पानी लेकर डाक कांवड़ में शामिल होने के लिए कहा गया है। जिले के सभी किसान अपने खेतों की मिट्टी व पानी लेकर आने को तैयार हैं। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा ने अभी तक जिला प्रधान ने बताया है कि मिट्टी से प्रतिमा बनाई जाएगी, जिससे किसान आंदोलन को हमेशा के लिए याद रखा जा सकें। यह प्रतिमा दिल्ली के चारों बॉर्डर पर बनाई जाएगी। जाखड़ ने बताया कि जिस तरह से चार धाम होता है, उसी तरह से किसानों के चार धाम बनाने की तैयारी की जा रही है। हालांकि अभी इसका खुलासा नहीं किया गया है कि प्रतिमा किसकी होगी।