फिलहाल शाम 6 से 8 बजे तक मिलेगी सुविधा, सर्दियों में समय बदलकर शाम 5 से 7 बजे तक होगा
सामान्य ओपीडी का समय आज से सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक, अतिरिक्त स्टाफ के लिए निदेशालय को भेजेंगे मांग
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। जिला नागरिक अस्पताल में मरीजों को अब शाम के समय भी इमरजेंसी ओपीडी की सुविधा मिलेगी। फिलहाल शाम 6 से 8 बजे तक इमरजेंसी से संबंधित मरीजों का उपचार किया जाएगा। इसके लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की अलग से ड्यूटी लगाई जाएगी। वहीं, शुक्रवार से सामान्य ओपीडी का समय भी बदलकर सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक कर दिया गया है। सर्दियों के दौरान सामान्य ओपीडी इसी समय पर चलेगी।
सार्थक टीम के निरीक्षण के बाद लिया निर्णय
जिला नागरिक अस्पताल सहित विभिन्न सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों (सीएचसी) और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों (पीएचसी) का सार्थक टीम ने 7 से 10 अक्तूबर तक निरीक्षण किया था। टीम ने ओपीडी व्यवस्था का जायजा लेने के बाद शाम की दूसरी शिफ्ट में भी ओपीडी शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सिविल सर्जन डॉ. विजय मलिक ने वीरवार को नोडल अधिकारियों और विशेषज्ञ चिकित्सकों के साथ बैठक कर नई व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की।
पर्याप्त स्टाफ नहीं होने के कारण फिलहाल शाम को सभी बीमारियों के लिए सामान्य ओपीडी शुरू नहीं की जा रही है। शुरुआत में केवल इमरजेंसी से संबंधित मरीजों को उपचार की सुविधा दी जाएगी।
सर्दियों में शाम 5 से 7 बजे तक मिलेगी सुविधा
इमरजेंसी ओपीडी के लिए विशेषज्ञ चिकित्सकों की अलग से ड्यूटी लगाई जाएगी। यह व्यवस्था सामान्य इमरजेंसी और ट्रामा सेंटर की ड्यूटी से अलग होगी। फिलहाल ओपीडी शाम 6 से 8 बजे तक चलेगी। सर्दियों का मौसम शुरू होने पर इसका समय बदलकर शाम 5 से 7 बजे तक कर दिया जाएगा।
शुक्रवार से सामान्य ओपीडी सुबह 9 से दोपहर 3 बजे तक चलेगी। शाम की इमरजेंसी ओपीडी पहली बार शुरू की जा रही है, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सक मरीजों की जांच करेंगे। स्वास्थ्य निदेशालय से अतिरिक्त स्टाफ की मांग की जाएगी। स्टाफ मिलने के बाद शाम को सामान्य ओपीडी का दायरा भी बढ़ाया जा सकेगा।
-डॉ. विजय मलिक, सीएमओ