पानीपत। निजी कंपनियों में स्थानीय युवाओं को 75 प्रतिशत आरक्षण पर रोक के बाद अपना पक्ष मजबूत करने के लिए शनिवार को उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने उद्यमियों के साथ बैठक की। सेक्टर-25 स्थित एक होटल में पानीपत एक्सपोटर्स एसोसिएशन के बैनर तले करीब एक घंटे यह बैठक चली। आरक्षण के लिए समर्थन मांगने पर उद्यमियों ने साफ कहा कि उन्हें कुशल श्रमिक मिलें तो रोजगार देने में दिक्कत नहीं। स्थानीय लोग मशीनों पर काम नहीं करना चाहते हैं, ऐसे में उन्हें नौकरी देना संभव नहीं है। इस पर उप मुख्यमंत्री ने आईटीआई में उद्योगों से जुड़े कई नए कोर्स शुरू कर स्थानीय युवाओं को कुशल बनाने की बात की।
उपमुख्यमंत्री समय पर नहीं पहुंचे, कई उद्यमी लौट गए
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के साथ उद्यमियों की बैठक दोपहर एक बजे से निर्धारित की गई थी। कष्ट निवारण समिति की बैठक एवं अन्य कार्यक्रमों की वजह से वह तीन घंटे देरी से शाम चार बजे पहुंचे। इस देरी से कई उद्यमी नाराज हो गए और बैठक स्थल से लौट गए।
द्यमियों की समस्याएं संज्ञान में है, सभी दूर करना का प्रयास : दुष्यंत
उद्यमियों को विधायक के साथ चंडीगढ़ बुलाया गया है। पानीपत को एनसीआर से बाहर करने पर केंद्र सरकार के स्तर पर काम चल रहा है। सरकार स्थानीय युवाओं को रोजगार में 75 प्रतिशत आरक्षण देने की मामले की सुप्रीम कोर्ट में पैरवी करेगी। सरकार अपने पक्ष को मजबूती से रखेगी।
- दुष्यंत चौटाला, उप मुख्यमंत्री
उद्यमियों ने रखीं ये मांगें
एन्हांसमेंट के मुद्दे पर डिप्टी सीएम ने चंडीगढ़ बुलाया
एन्हांसमेंट का मुद्दा बड़ा है। विभाग पहले दिए गए नोटिस ही दोबारा बांट रहा है जबकि पुनर्मूल्यांकन कर नया नोटिफिकेशन जारी होना चाहिए। इसकी रिपोर्ट सीएम के पास है। उप मुख्यमंत्री ने विधायक प्रमोद विज के साथ उन्हें नौ फरवरी को चंडीगढ़ बुलाया है। इसके साथ ही इंडस्ट्रियल एरिया को एचएसआईआईडी के अंतर्गत लेकर आने की मांग भी रखी गई। - श्री भगवान अग्रवाल, प्रधान, सेक्टर-29 इंडस्ट्रियल एस्टेट एसोसिएशन
पानीपत को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से बाहर करने की मांग रखी
पानीपत को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र से बाहर करने की मांग रखी गई है। इसकी वजह से वर्ष में दो माह पानीपत की इंडस्ट्री बंद करनी पड़ती है। सरकार को नई टेक्सटाइल पॉलिसी लागू करनी चाहिए। सीएलयू के नियम पंजाब की तर्ज पर होने चाहिए। फायर एनओसी देने का अधिकारी भी स्थानीय स्तर पर दिया जाना चाहिए। स्थानीय युवाओं को रोजगार देने में आपत्ति नहीं लेकिन वे श्रमिक के तौर काम नहीं करना चाहते हैं। - प्रीतम सचदेवा, प्रधान, पानीपत इंडस्ट्रियल एसोसिएशन
प्रदूषण स्तर ग्रीन कैटेगरी में, जनरेटर चलाने की मिले अनुमति
जनरेटर चलाने की अनुमति डेढ़ माह से नहीं है। शहर का प्रदूषण स्तर ग्रीन कैटेगरी में है फिर भी अब तक जनरेटर चलाने की अनुमति नहीं मिली है। इससे उत्पादन पर असर पड़ रहा है। सरकार उद्यमियों को अच्छा इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करके दें। - ललित गोयल, प्रधान, पानीपत एक्सपोर्टस एसोसिएशन
पानीपत। सेक्टर-25 स्थित निजी होटल में आयोजित मीटिंग में मौजूद उद्योगपति, डीसी,एसपी व अन्य।- फोटो : Panipat
पानीपत। सेक्टर-25 स्थित निजी होटल में आयोजित मीटिंग में उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला के सामने अ?- फोटो : Panipat