पानीपत। जिले में यातायात को सुचारू रूप से चलाने के लिए पुलिस ने यातायात हेल्प लाइन टोल फ्री नंबर 1095 की शुरुआत की है। यह सहायता 24 घंटे और सातों दिन उपलब्ध होगी। यातायात संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना इस टोल फ्री नंबर 1095 पर दी जा सकती है। आमजन यातायात से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना जैसे यातायात जाम, बुलेट के पटाखों या खतरनाक ड्राइविंग से संबंधी जानकारी, यातायात पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 1095 पर देकर पुलिस प्रशासन का सहयोग कर सकता है ।
उप-पुलिस अधीक्षक यातायात संदीप ने बताया यातायात व्यवस्था दुरूस्त करने के लिए पुलिस विभाग ने 1095 टोल फ्री नंबर जारी किया है। जिला पुलिस कंट्रोल रूम मे गत दिनों उक्त टोल फ्री नंबर की दो लाइन स्थापित कर स्टॉफ को तैनात किया गया है । ट्रैफिक हेल्प लाइन बारे आमजन को जागरूक करने के लिए शहर में व हाई-वे पर विभिन्न स्थानों पर हेल्प लाइन नंबर अंकित बोर्ड भी लगवाए जा रहे हैं। उक्त टोल फ्री नंबर पर फोन लगाकर जाम या यातायात प्रभावित होने की सूचना दे सकते हैं। जिससे कि तुरंत सहायता भेजकर यातायात व्यवस्था को ठीक करवाया जा सके ।
उन्होंने बताया कि यातायात व्यवस्था को और अधिक बेहतर तरीके से व्यवस्थित करने के साथ ही आमजन को इसका प्रभावी रूप से फायदा पहुंचाने के लिए यातायात नियंत्रण के लिए शहर को तीन भागों में बांटकर निरीक्षक स्तर के अधिकारियों को प्रभारी नियुक्त किया हुआ है। जिनका कार्य यातायात को सुचारू रूप से चलाने के साथ ही नियमों का पालन न करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई करना है। इसका उद्देश्य है कि किसी भी प्रकार से जिले में किसी भी समय यातायात बाधित न हो।