पानीपत। राजवीर उर्फ सिंटू । फाइल फोटो।
- फोटो : Panipat
पानीपत। सेक्टर 29 स्थित एक रजाई की फैक्टरी में युवक का शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने आरोप लगाए कि फैक्टरी मालिक ने उसकी हत्या कर उसे फंदे पर लटकाया है। हालाकि चांदनीबाग थाना पुलिस ने उपरोक्त मामले में 174 की कार्रवाई की है और शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
बिहार के औरेया निवासी निर्वेश ने बताया कि उसका चचेरा भाई राजवीर उर्फ सिंटू बीते पांच साल से पानीपत में काम करता था। तीन महीने पहले ही वह गांव से वापस पानीपत आया और सेक्टर-29 स्थित एक रजाई की फैक्टरी में काम करता था। फैक्टरी मालिक ने उसे और उसके साथ काम करने वाले लड़कों के लिए कमरा व राशन देने की बात कही थी। इन तीन महीनों में सिंटू ने मालिक से कुछ एडवांस रुपये लिए थे।
आरोप है कि एडवांस वापस न देने पर मालिक ने सोमवार को सिंटू को एक कमरे में बंद कर दिया। उसके साथ मारपीट की गई। सिंटू के साथ मारपीट से डरकर उसके साथ काम करने वाले लड़के भाग गए और उसके परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने फैक्टरी मालिक को एडवांस वापस देने का भरोसा दिया। बुधवार को मालिक ने सूचना दी कि उनके बेटे ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली है।
सिर और शरीर पर मिले चोट के निशान
निर्वेश ने बताया कि कि सिंटू के अलावा एक भाई और बहन है। सिंटू के सिर और शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। जिससे साफ पता चलता है कि उसके साथ मारपीट की गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद विसरा मधुबन जांच के लिए भेजा है, रिपोर्ट आने के बाद असल कारण का पता लग पाएगा।