पानीपत। जिला जेल में रविवार को रेडियो कार्यक्रम की पहली वर्षगांठ पर कैदियों एवं जेल प्रशासन की ओर से कार्यक्रम किया गया। इसमेें गीत ‘दे दे तू मौका जिंदगी एक बार जीने का...’ रिलीज किया गया। इसे बंदी कशिश, सुरेश और आशीष ने तैयार किया था। इसकी सभी कैदियों व जेल प्रशासन ने जमकर तारीफ भी की। जेल अधीक्षक ने बताया कि इस गीत को तिनका तिनका फाउंडेशन के यूट्यूब चैनल पर प्रदर्शित किया गया है ताकि आमजन में भी सकारात्मक माहौल बने।
इस मौके पर जेल अधीक्षक देवी दयाल ने बताया कि जिला जेल में रेडियो कार्यक्रम का एक वर्ष पूरा हो गया। रेडियो कार्यक्रम के जरिये कैदी अपनी प्रतिभा को पहचान रहे हैं और कौशल विकसित कर रहे हैं। इससे आने वाले समय में ये रोजगार के बेहतर माध्यम अपना सकेंगे। इस कार्यक्रम में कोरोना गाइडलाइन को ध्यान में रखते हुए सभी कैदियों ने भाग लिया।