चोर गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस ने पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र जिलों में ट्यूबवेल की मोटर और तार चोरी करने वाले गिरोह पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पांच सदस्यों की तलाश में दबिश दी जा रही है। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की 132 वारदातों का खुलासा किया है। आरोपी अलग-अलग राज्यों के रहने वाले हैं और पानीपत में किराये के मकान में रहकर 2022 से चोरी की वारदात कर रहे थे।
मंगलवार को एसपी लोकेंद्र सिंह ने जिला सचिवालय स्थित सभागार में प्रेसवार्ता की। एसपी के मुताबिक, सीआईए-3 की टीम ने सनौली रोड काला आंब मोड से तीन आरोपियों बिहार के दरभंगा निवासी गुन सागर, यूपी के मुजफ्फरनगर निवासी गुलबहार, शामली जिले के सिसौली गांव निवासी साहिल को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह पानीपत में किराये के मकान में रह रहे थे और पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम दे रहे थे। आरोपी 2022 से लगातार चोरी की वारदात कर हरे थे। अब तक 132 से अधिक चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। जिसमें पानीपत में कुल 70 वारदातें की थी। थाना इसराना की 39, थाना समालखा की 22, थाना मतलौडा की 6, थाना सदर की 3 व थाना सनौली की 2 वारदातों का खुलासा हुआ है। करनाल और कुरुक्षेत्र जिले में 60 वारदात करना स्वीकार किया है।
नशे के आदि हैं आरोपी
पुलिस के मुताबिक आरोपी नशा करने के आदि हैं। नशे की पूर्ति के लिए चोरी की वारदात को अंजाम देते थे। आरोपी दिन में खेतों में रेकी कर रात के समय ट्यूबवेल की तार, मोटर व अन्य सामान चोरी करते थे। वारदात के समय गिरोह के दो तीन सदस्य दूर खड़े होकर आने जाने वालों की निगरानी रखते थे। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक बाइक व चोरी की तार से निकाला ढ़ाई किलो तांबा बरामद किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर सात दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया है।
पांच आरोपी फरार
गिरोह में आठ सदस्य शामिल थे। इनमें से तीन सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पांच सदस्य बिहार निवासी परमानंद, यूपी के गोरखपुर निवासी जमीन, वेस्ट बंगाल के गिरजा लाइन निवासी अविनाश, छपरा बिहार निवासी रियाज अली, बेतईया बिहार अशोक अभी फरार चल रहे हैं।