पानीपत के गांव सींक के बाद बुधवार तड़के पाथरी माता पर जा रहे श्रद्धालुओं के ऑटो को पिकअप चालक ने सामने से टक्कर मार दी। जिसमें फतेहाबाद के टोहाला की एक महिला की मौत हो गई और एक ही परिवार के नौ सदस्य घायल हो गए। वे सब ऑटो में अपने छोटे बेटे और उसकी पत्नी की शादी के बाद पहली बार दर्शन करने जा रहे थे। घायलों में दो की गंभीर हालात बनी हुई है। मतलौडा थाना पुलिस ने पिकअप को कब्जे में ले लिया है।
पाथरी वाली माता पर जा रहे थे टोहाना के श्रद्धालु
हादसा बुधवार तड़के करीब चार बजे हुआ। मिली जानकारी के अनुसार टोहाना-फतेहाबाद निवासी श्यामलाल अपने परिवार के साथ ऑटो में पाथरी गांव स्थित पाथरी माता का पूजन करने के लिए जा रहा था। उनको ऑटो गांव पाथरी के नजदीक पहुंचा तो सामने से एक पिकअप चालक ने एक कार को ओवरटेक करते हुए उनकी ऑटो को टक्कर मार दी। पिकअप की टक्कर लगते ही ऑटो पलट गया। इसमें श्यामलाल, उसकी पत्नी बीना, बड़ा बेटा राहुल, उसकी पत्नी रीतु, पौता दीपांशु, हिमांशु, छोटा बेटा साहिल , पुत्रवधु बबीता, बहन और जीजा राजा घायल हो गए। उनको सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने बीना को मृत घोषित कर दिया। श्यामलाल के जीजा राजा और पुत्रवधु बबीता को गंभीर हालात में पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया है।
छोटे बेटे की शादी के पहला पूजन था
श्यामलाल ने बताया कि छोटे बेटे साहिल की पिछले दिनों बबीता के साथ शादी हुई थी। नवदंपति के साथ के परिवार सहित पाथरी माता के पूजन का रिवाज है। इसके अलावा राहुल के बेटे दीपांशु के पांच वर्ष पूरे होने पर पूजन किया जाना था। वे सब मंगलवार शाम को ऑटो में पाथरी के लिए चले थे। बुधवार तड़के पूजन कर वापस जाने की तैयारी थी। पाथरी गांव से दो सौ मीटर दूरी पर ही पिकअप चालक ने ऑटो को सीधी टक्कर मार दी।