वार्ड-21 के कच्चा कैंप में एक युवक ने अपने घर पर चार अन्य साथियों के साथ मिलकर एक ऑटो चालक को पहले तो जबरदस्ती शराब पिलाई और बाद में उसे बंद कमरे में प्रेस के साथ जला दिया। ऑटो चालक बुरी तरह से झुलसा हुआ है। युवकों द्वारा बदतर टार्चर किया गया है। इतना ही नहीं एक युवक ने तो ऑटो चालक को कमरे में बंद कर गली में भी दो घंटे तक ईंटे भी बरसाई। परेशान क्षेत्रवासियों ने पुलिस कंट्रोल रूप को सूचित किया। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और ऑटो चालक को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। फिलहाल परिजनों ने ऑटो चालक को पानीपत के ही एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
वार्ड 21 के कच्चा कैंप निवासी रिन्कू उर्फ मंगल सिंह (30) काफी समय से असंध रोड पर पानीपत से थर्मल तक ऑटो चलाकर अपना घर चलाता है। रविवार को कॉलोनी के ही एक युवक ने उसे अपने घर बुला लिया। आरोप है कि पहले से घर में मौजूद चार अन्य युवकों ने पहले तो रिन्कू को जबरदस्ती शराब पिलाई। काफी देर तक रिन्कू को अंदर ही बंधक बनाकर रखा और बाद में उसके शरीर को विभिन्न जगहों से प्रेस गर्म करके जला दिया। पूरे शरीर पर प्रेस के निशान बने हुए हैं। शरीर की चमड़ी भी उतर रही है। पांचों युवकों में से चार युवक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। जबकि एक युवक ने दरवाजा बंद करके गली में जाकर दो घंटे तक जमकर उत्पात मचाया। युवक ने कई घरों के आगे ईंटे भी फेंकी। जिसको लेकर गली के लोगों में खौफ छाया हुआ है। क्षेत्रवासियों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना मॉडल टाउन पुलिस मौके पर पहुंचीऔर गंभीर रूप से झुलसे रिन्कू उर्फ मंगल सिंह को उपचार के लिए सोमवार को सिविल अस्पताल में लाया गया, जहां पर डॉक्टरों ने रिन्कू की हालत को गंभीर देखते हुए खानपुर मेडिकल कॉलेज में रेफर कर दिया है। बाद में रिन्कू को उपचार के लिए पानीपत के ही मॉडल टाउन स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। जहां पर थाना मॉडल टाउन पुलिस भी रिन्कू के बयान लेने पहुंची हुई है। पुलिस भी बयानों के आधार पर कार्रवाई करने की बात कर रही है।
चिल्लाता रहा चालक, नहीं आया तरस
ऑटो चालक रिन्कू उर्फ मंगल सिंह को चार युवकों ने पकड़ा और एक अन्य युवक ने उसके शरीर पर गर्म प्रेस लगानी शुरू कर दी। रिन्कू युवकों से अपने आप को बचाने के लिए काफी देर तक चिल्लाता रहा और युवक वारदात को आराम से अंजाम देते रहे। सिविल अस्पताल में इलाज के लिए लाए गए रिन्कू ने बताया कि जब वह दर्द से तड़प रहा तो उसने शोर भी बचाया। परंतु एक युवक ने उसके मुंह पर कपड़ा डाल दिया। रिन्कू के छोटे भाई ओमप्रकाश का आरोप है कि यदि समय पर पुलिस मौके पर नहीं पहुंचती तो उसके भाई के साथ कुछ भी हो सकता था। युवकों ने उसके भाई के कपड़े उताकर बड़ी बेरहमी से प्रेस लगाकर जलाया हुआ है।
हैवानियत की हदें पार....
ऑटो चालक रिन्कू के शरीर को कई जगहों से प्रेस लगाकर बुरी तरह से जलाया गया है। रिन्कू के शरीर को देखकर सिविल अस्पताल के डॉक्टर भी सकते में है। वहीं जिस शख्स ने भी उसका शरीर देखा तो दांतों तले उंगली दबाने को मजबूर हो गया। पूरे शरीर पर प्रेस द्वारा जले हुए निशान है। चालक रिन्कू के शरीर पर जले के निशान आरोपियों द्वारा की गई हैवानियत को खुद बयां कर रहे है। युवकों द्वारा हैवानियत की सभी हदें पार करने को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
पांच घंटे तक कराहता रहा रिन्कू
प्रेस से झुलसे ऑटो चालक रिन्कू को सोमवार की सुबह 10 बजे के करीब इलाज के लिए सिविल अस्पताल में लाया गया। लेकिन किसी डॉक्टर द्वारा झुलसे रिन्कू की तरफ ध्यान नहीं दिया गया और रिन्कू इलाज के करीब पांच घंटे तक कराहता रहा। कभी एमरजेंसी के गेट पर तो कभी अस्पताल के एमएस कार्यालय के बाहर इलाज के लिए तड़पता रहा। हालांकि दो घंटे बीतने पर एमएस ने इलाज के सख्त आदेश डॉक्टरों को दे दिए। परंतु पांच घंटे तक किसी डाक्टर द्वारा रिन्कू की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया।
पहले लाओ एफिडेविट, फिर होगा इलाज
गंभीर रूप से झुलसे ऑटो चालक रिंकू उर्फ मंगल को जब इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया तो डॉक्टरों ने तुरंत इलाज करने की बजाय परिजनों को पहले कोर्ट से एफिडेविट लाने को कहा, उसके बाद ही इलाज शुरू होगा। चालक रिंकू के छोटे भाई ओमप्रकाश ने बताया कि वह अपने भाई को अस्पताल में छोड़कर कोर्ट में एफिडेविट लेने पहुंचा तो वहां पर रिन्कू के नाम का एफिडेविट देने से मना कर दिया। वापस अस्पताल लौटे मायूस ओमप्रकाश ने कहा कि गरीब की कहीं कोई सुनाई नहीं है। सोमवार दोपहर बाद शिफ्ट बदलने के बाद पहुंचे दूसरे डॉक्टर ने करीब ढाई बजे रिन्कू उर्फ मंगल की मरहम पट्टी करने के बाद हालत को गंभीर देखते हुए डॉक्टर ने उसे खानपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
ऑटो चालक को युवकों द्वारा प्रेस लगाकर झुलसाने का मामला सामने आया है। चालक के बयान भी दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस बयानों के आधार पर कार्रवाई करेगी। इस मामले में जो भी दोषी पाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अमित कुमार, प्रभारी, थाना मॉडल टाउन।