डिकाडला गांव में स्थित एक डेयरी में रविवार रात बदमाशों ने हथियारों का भय दिखाकर नौकरों को बंधक बना लिया और डेयरी में लूटपाट की।
बदमाश डेयरी से मुर्राह नस्ल की 12 भैंसे, उनके बच्चे एवं एक महिला श्रमिक के झुमके लूटकर ले गए। समालखा पुलिस ने लूट का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में डिकाडला गांव निवासी सुरजीत ने बताया कि उसके भाई हरजीत की हथवाला रोड स्थित खेत में डेयरी है।
रविवार देर रात करीब 12 बजे आठ-दस लोग डेयरी में घुस आए। उन्होंने डेयरी में मौजूद नौकर रणधीर अटावला, उमेश चौधरी और उसकी पत्नी फूलकुमारी महुआ को हथियारों का भय दिखाकर चारपाई से बंधक बना दिया।
बदमाश डेयरी से 12 भैंसें, उनके बच्चे, नौकरों के मोबाइल तथा महिला की नाक की नथनी छीन ले गए। जाते समय बदमाश तीनों को समीप ही एक नलकूप पर कमरे में बांध गए। वहां पहले से ही सात-आठ लोग बंधे थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस के दावे लगातार हो रहे हैं फेल
समालखा थाना पुलिस सुरक्षा व्यवस्था में लगातार फेल हो रही है और असामाजिक तत्व लगातार वारदातों को अंजाम देने में लगे हुए हैं। थाना क्षेत्र में जहां अब तक चोरी की वारदात हो रही थी, वहीं रविवार आधी रात को बदमाशों ने डेयरी में लूटपाट कर पुलिस को झटका दे दिया है। क्षेत्रवासियों में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस को डिकाडला स्थित एक डेयरी में श्रमिकों को बंधक बनाकर भैंस खोलकर ले जाने व महिला के झुमके छीन ले जाने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और शिकायत लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस जल्द ही वारदात का खुलासा कर देगी।
रवि खुंडिया, प्रभारी, थाना समालखा।