पानीपत। सीआईए-टू ने सफीदों स्थित मोर हैचरी के कैशियर इंद्रजीत से 16.95 लाख लूट के आरोपी उसी हैचरी के मैनेजर समेत पांचों आरोपियों को आठ दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस आरोपियों से लूटी रकम, गाड़ी व हथियार बरामद करने का प्रयास करेगी।
सीआईए-टू पानीपत ने राजकुमार उर्फ राजू मोर निवासी निम्नाबाद सफीदों की हैचरी के कैशियर इंद्रजीत के साथ 16.75 लाख लूट की वारदात के आरोपी हैचरी के मैनेजर अंकित, उसके साथी सोनू व सुरेश निवासी मोरखी जींद, सुनील उर्फ शीना निवासी गांव कुराना मतलौडा व अरविंद निवासी बड़सालू करनाल को बुधवार को कोर्ट में पेश किया। पुलिस ने कोर्ट के सामने आरोपियों के रिमांड की अर्जी लगाई। कोर्ट ने पांचों आरोपियों का आठ दिन का रिमांड मंजूर कर दिया। पुलिस ने रिमांड अवधि के दौरान पांचों आरोपियों से पूछताछ तेज कर दी है। पुलिस के अनुसार राजकुमार उर्फ राजू मोर की सफीदों में मोर हैचरी है। इंद्रजीत उसकी हैचरी पर बतौर कैशियर काम करता है।
वह 28 दिसंबर 2015 को मोर हैचरी से अपनी मारुति कार में अहर स्थित बैंक में पौने 17 लाख रुपये जमा कराने जा रहा था। अहर के नजदीक तीन नौजवान लड़कों ने उसकी कार के आगे अपनी गाड़ी अड़ा दी और पिस्तौल के बल पर इंद्रजीत से पौने 17 लाख रुपये लूटकर फरार हो गए। थाना मतलौडा में इसका मुकदमा दर्ज लिया था। सीआईए-टू की टीम ने मंगलवार को सूचना के आधार पर पांचों आरोपियों को अहर गांव के पास से काबू कर लिया था। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी आपस में दोस्त हैं और अंकित मोर हैचरी पर मैनेजर था। उनको उन दिनों क्रिकेट मैच के सट्टे में नुकसान हो गया था। वे नुकसान की भरपाई नहीं कर पा रहे थे। ऐसे में उनके मन में एक साथ मोटे पैसों का लालच आ गया। उसने कैशियर इंद्रजीत द्वारा पौने 17 लाख रुपये की मोटी रकम ले जाने की सूचना अपने साथी सोनू को दी। सोनू ने इसके बारे में सुरेश, अरविंद और सुनील को अवगत कराया। जिन्होंने सोनू के इशारे पर इंद्रजीत कैशियर से मोर हैचरी का 16 लाख 75 हजार पिस्तौल के बल पर लूट लिया।
वर्जन :::::::
सीआईए-टू ने हैचरी के कैशियर से पौने 17 लाख रुपये की लूट के मामले में हैचरी के मैनेजर समेत पांचों आरोपियों को आठ दिन के रिमांड पर ले लिया है। आरोपियों से लूटी रकम, गाड़ी व हथियार बरामद किए जाने हैं। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
मनोज वर्मा, प्रभारी, सीआईए-टू पानीपत।