सौनोली बार्डर पर उज्बेकिस्तान की पकडी गई संदिग्ध महिला।
- फोटो : अमर उजाला
सोनौली(महराजगंज)। नेपाल से भारत पगडंडी रास्तों से उज्बेकिस्तान की युवती को बुर्का पहनाकर बाइक से बॉर्डर पार कराकर दिल्ली ले जाते समय एसएसबी ने घेराबंदी कर पकड़ लिया। बाइक चालक नौतनवा के युवक और उज्बेक युवती को पुलिस के हवाले कर दिया।
मंगलवार की रात 11 बजे एसएसबी डंडा हेड प्रभारी इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह को सूचना मिली की एक युवक विदेशी महिला को बाइक से लेकर फरेनिया गांव के रास्ते नौतनवा जा रहा है। इंस्पेक्टर हितेस्वरी चौधरी, जवान नरेंद्र सुधांशु और मुरली के साथ रात में ही घेराबंदी कर सोनौली कोतवाली के पीछे धोधहरा गांव के बगीचे में दोनों को पकड़ लिया। बाइक पर बैठी महिला का बुर्का हटा कर जांच की गई तो वह विदेेशी महिला निकली।
पूछताछ में उसने अपना नाम 30 वर्षीय रोबिया वोमी सोफिया जोनो निवासी ताशकंद उज्बेकिस्तान बताया। इंस्पेक्टर सुखबीर सिंह ने बताया कि विदेशी महिला को बॉर्डर पार कराने वाले युवक ने अपना नाम बबलू सिद्दकी निवासी ठूठी चौराहा नौतनवा बताया।
बबलू ने बताया कि सोनौली के चंद्रभान गुप्ता की कार से मुख्य सरगना संदीप निवासी दिल्ली के पास महिला को पहुंचाना था। मुझे बॉर्डर पार कराने के केवल पांच हजार मिलते हैं। इसके पहले अक्टूबर में वह तीन युवतियों को बॉर्डर पार करा कर दिल्ली भेज चुका है। महिला के पास वीजा नहीं हैं। एसएसबी ने जरूरी प्रक्रिया के बाद दोनों को पुलिस को सौंप दिया। कोतवाल सोनौली सोनकर बाबू ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर विदेशी महिला और युवक को जेल भेज दिया गया।