ट्रेन की चपेट में आने से श्रमिक की मौत
-सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। सेक्टर-छह के रेलवे फाटक के पास अंबाला से दिल्ली जाने वाले रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से एक श्रमिक की मौत हो गई। मूलरूप से गांव हरेबा, जिला शहजानपुर शाहजहांपुर यूपी निवासी लाला राम (30) सेक्टर-छह हरिनगर में किराये के मकान में रहता था और यहीं पर खड्डी चलाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार देर सायं वह सब्जी लेने के लिए गया था। मार्केट से सब्जियां लेकर लौट रहा था। सेक्टर-छह रेलवे फाटक के पास अंबाला से दिल्ली जाने वाले ट्रैक पर रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जीआरपी ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। जहां शनिवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
परिजनों ने बताया कि लाल राम एक बहन व पांच भाई है। वह छह भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर था। लाल राम के चार बच्चे हैं। वह करीब दस साल से हरिनगर में किराये के मकान में रह रहा था। लाल राम की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
सेक्टर-छह रेलवे फाटक के पास रेलवे लाइन पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। पुलिस ने परिजनों के बयान पर धारा 174 के तहत कार्रवाई की है।
बृजपाल राणा, प्रभारी, जीआरपी, पानीपत।