डॉक्टर की कार से नकदी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। जाटल रोड स्थित एचपी पेट्रोल पंप के पास खड़ी एक डॉक्टर की कार से चोर हजारों रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। मॉडल टाउन निवासी डॉक्टर अरुण कुमार ने किशनपुरा चौकी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि शुक्रवार को वह अपनी कार लेकर किसी काम से जाटल रोड की तरफ गया था। उसने अपनी कार एचपी पेट्रोल पंप के पास खड़ी की और किसी जानकारी से मिलने के लिए चला गया। करीब दस मिनट के बाद वह वापस लौटा तो कार की सीट पर रखा बैग गायब था। डॉक्टर ने बताया कि बैग में 28 हजार 500 रुपये की नकदी थी। चोर ने कार की खिड़की खोलकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया। जांच अधिकारी एसआई बलवान सिंह ने बताया कि मॉडल टाउन निवासी व्यक्ति की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी। आरोपियों की पहचान की जा रही है।