चोरों ने होम्योपैथिक स्टोर को बनाया निशाना
अमर उजाला ब्यूरो
पानीपत। चोर सलारजंग गेट स्थित सतगुरु होम्योपैथिक को निशाना बनाते हुए करीब ढाई हजार रुपये की नकदी चोरी कर ले गए। छत के रास्ते घुसे चोरों ने मेडिकल स्टोर में रखे दानपात्र को भी चोरी करने का प्रयास किया। लेकिन कामयाब नहीं हो पाए। दानपात्र छत पर पड़ा मिला। चोरी की सूचना पर पहुंची बस अड्डा चौकी पुलिस ने स्थिति का जायजा कार्रवाई शुरू कर दी।
न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी डॉक्टर प्रवीन राजपाल की सलारजंग गेट के पास सतगुरु होम्योपैथिक के नाम से मेडिकल स्टोर है। डॉ. प्रवीन ने बताया कि सोमवार रात करीब 8:45 से 9:45 बजे तक वह देवी मंदिर में थे। उसके बाद किसी मरीज को देखने के लिए मेडिकल स्टोर पर आए और मरीज को दवाई देने के बाद स्टोर बंद कर घर चले गए। सुबह करीब दस बजे वह मेडिकल स्टोर पर पहुंचे तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच की तो पता लगा कि चोर छत के रास्ते घुसे। चोरों ने पहले लोहे की चद्दर काटी और सीढ़ियों की गेट की कुंडी खोलकर मेडिकल स्टोर में दाखिल हुए थे।
दो साल पहले भी हुई थी चोरी
डॉ. प्रवीन ने बताया कि उसके मेडिकल स्टोर में करीब दो साल पहले भी इसी प्रकार चोरी हुई थी। चोर छत के रास्ते दाखिल हुए थे और दराज में रखे करीब 2.75 लाख रुपये चोरी कर लिए थे। 12 जून की रात न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित मकान के बाहर खड़ी उसकी होंडा सिटी कार का पिछला शीशा किसी ने ईंट मारकर तोड़ दिया था। वारदात को अंजाम देने वालों का कहीं सुराग नहीं लगा था। अब दुकान में चोरी की वारदात घटित हो गई।
सलारजंग गेट स्थित सतगुरु होम्योपैथिक में छत के रास्ते घुसे चोरों ने नकदी चोरी कर ली। चोरों ने अंदर रखे गोशाला के दानपात्र की नकदी चोरी करने का प्रयास किया। डॉक्टर की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
सुनील कुमार, प्रभारी, बस अड्डा चौकी, पानीपत।