पानीपत। प्रॉपर्टी पर कब्जा करने की नीयत से प्रॉपर्टी डीलर ने व्यक्ति को बहला-फुसला कर उसे बंदी की तरह अपने साथ रखा। इसके बाद आरोपी ने जहर देकर उसकी हत्या कर दी। जिसकी शिकायत मृतक की डॉक्टर बहन ने पुलिस को दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ के हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी।
थाना मॉडल टाउन पुलिस को दी शिकायत में सरकारी अस्पताल में आंखों की डॉक्टर शालिनी मेहता निवासी विराट नगर ने उसके भाई की हत्या का केस दर्ज करवाया है। उसने बताया कि उसका भाई राजीव मेहता है, जो नारायण सिंह पार्क में रहता है। डॉ. मेहता ने बताया कि माता-पिता की मृत्यु के बाद से दोनों भाई-बहन मकान के अपने-अपने हिस्से के मालिक थे व दोनों अपने-अपने हिस्से में ही रहते थे। डॉ. ने बताया कि वो अपनी बेटी के साथ भाई से अलग रहती थी। कुछ दिनों पहले डॉ. को पता लगा कि प्रॉपर्टी डीलर गुरमीत सिंह उर्फ सुक्खा उपरोक्त मकान को उसके भाई से जबरदस्ती खरीदना चाहता था और इसके लिये वो किसी भी हद तक जा सकता था। इसी बीच डॉ. को पता लगा कि सुक्खा ने भाई को बहला फुसला कर मकान अपने नाम करवा लिया है। साथ ही आरोपी गुरमीत सिंह उर्फ सुक्खा ने राजीव को अपने पास एक बंदी की तरह रखा हुआ था। सोमवार दोपहर सवा 12 बजे आरोपी गुरमीत ने ही डॉ. शालिनी मेहता को फोन कर उसके भाई की तबीयत खराब होने के बारे में बताया। साथ ही उसने कहा कि वो रविंद्र अस्पताल में भर्ती है, उससे मिलने अस्पताल में आ जाओ। डॉक्टर जब अपने भाई से मिलने वहां पहुंची, तो उसने देखा कि उसके भाई की मौत हो चुकी है। इसके बाद बतौर डॉक्टर उसने खुद भाई के शव को चेक किया, तो मालूम हुआ कि उसकी मौत जहर के प्रभाव के कारण हुई है। साथ ही अन्य डॉक्टरों से पूछताछ में सामने आया कि उसकी मौत कई घंटों पहले हो चुकी थी, जिस कारण उसका शरीर भी अकड़ा हुआ था।
मामले की जांच कर रहे एसएचओ सुनील ने बताया कि डॉक्टर की शिकायत पर आरोपी गुरमीत के खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी है।