पुलिस थाने के पास युवक की पीट-पीटकर की हत्या
अमर उजाला ब्यूरो
मतलौडा। मतलौडा पुलिस थाने के नजदीक ही एक कुटिया में 35 वर्षीय एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। फिलहाल हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। परिजनों ने फिलहाल कुछ भी बोलने से इनकार कर दिया है। वहीं पुलिस देर शाम को सिविल अस्पताल में जांच करने पहुंची। परिजनों ने पुलिस के सामने भी कुछ कहने से इनकार कर दिया। थाना मतलौडा पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।
मूल रूप से नारा वासी हेमराज (35) मतलौडा बस अड्डे के पास रहता था। वह रविवार दोपहर को मतलौडा थाने की ओर गया था। थाने के पास खेतों में श्मशान घाट के पास एक बाबा की कुटिया है। वहां पर कई युवक नशा करने के लिए आते रहते हैं। किसी बात को लेकर हेमराज की अपने दोस्तों के साथ कहासुनी हो गई और उन्होंने हेमराज को बुरी तरह से पीट दिया। सायं करीब चार बजे एक व्यक्ति को हेमराज घायल अवस्था में मिला। उसने उसको मतलौडा के एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। जहां से उसको पानीपत रेफर कर दिया। पानीपत सिविल अस्पताल में डॉक्टरों ने उसको प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई खानपुर रेफर कर दिया। परिजन उसको शहर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां पर उसने दम तोड़ दिया। हेमराज के भाई सोनू ने बताया कि उनको हत्या के कारणों का पता नहीं है। उन्होंने शव को शवगृह में रखवा दिया है। वे सोमवार को ही हत्या के कारणों को सबके सामने रखेंगे। थाना मतलौडा से जांच अधिकारी एसआई बलराज देर रात को सूचना मिलते ही सिविल अस्पताल पहुंचा। लेकिन परिवार के किसी भी व्यक्ति ने पुलिस को बयान दर्ज नहीं कराए। समाचार लिखे जाने तक केस दर्ज नहीं हुआ था।
जांच अधिकारी एसआई बलराज ने बताया कि उसने हेमराज की डेड बॉडी की जांच है। उसके सिर पर चोट के निशान हैं। लेकिन देर रात भी कोई बयान देने को तैयार नहीं था। मामले की जांच की जा रही है। डेडबॉडी के सिर पर चोट के निशान देखने से लगता है कि हेमराज की पीट-पीटकर हत्या की है। मामले की जांच की जा रही है। हेमराज के परिजन घर पर भी नहीं मिले हैं। पुलिस परिजनों के बयानों के आधार पर आगामी कार्रवाई करेगी।