सनौली रोड स्थित वार्ड-9 के दंपती ने अपने जानकार दंपती पर धोखाधड़ी से 22 लाख रुपये ठगने का आरोप लगाया है। उन्होंने इसकी शिकायत एसीजीएम प्रदीप चौधरी को दी थी। उनके निर्देशों पर चांदनी बाग थाना पुलिस ने आरोपी दंपती पर केस दर्ज किया है। अब पुलिस आरोपी दंपती की गिरफ्तारी के लिए उनकी तलाश कर रही है।
सविता व उनके पति राजकुमार अरोड़ा ने बताया कि उनकी शशि व प्रेम खुराना निवासी कमाली मोहल्ला, सनौली रोड के साथ जान-पहचान थी। इन दोनों के पास उन्होंने कमेटी डाली थी। हर माह उन्होंने किस्त दी थी, लेकिन आरोपियों ने कमेटी को पैसे नहीं दिए। सविता का कहना है कि उसके पति राजकुमार की बलजीत नगर नाका के पास फैक्टरी है। उन्होंने फैक्टरी की मशीन बेची थी। प्रेम खुराना व उसकी पत्नी शशि खुराना को यह बात पता चली तो दोनों फैक्टरी में आए। पति राजकुमार से दोनों ने उधार पैसे मांगे। पैसे मिलने के बाद जब वापस करने की बात की तो आना-कानी करने लगे।
इस संबंध में कई बार पंचायत हुई। तब आरोपियों ने पैसे देने के बारे में स्वीकारा और कहा कि वो 15 लाख रुपये दे सकते हैं। इसके लिए पंचायत ने उन्हें तीन माह का वक्त दिया लेकिन इस दौरान भी पैसे वापस नहीं किए। अब आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हैं। पीड़ित की शिकायत पर एसीजीएम ने मामले में आरोपियों पर केस दर्ज के निर्देश दिए हैं और आरोपियों पर उचित कार्रवाई के लिए कहा है।