पानीपत। सीबीएसई ने माइक्रोसॉफ्ट एजुकेशन एंड टेक अवंत कार्डे ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट से करार करके शिक्षकों के लिए हाइब्रिड लर्निंग की ट्रेनिंग देने का प्लान बनाया है। 15 नवंबर से विभिन्न तिथियों के बैच के हिसाब से शिक्षकों को यह ट्रेनिंग दी जाएगी।
बता दें कि स्कूल खुल चुके हैं, मगर अब भी कई स्कूलों में पूरे बच्चे नहीं आ रहे हैं। कोविड की तीसरी लहर आने की आशंका है और इसे लेकर अभिभावक डरे हुए हैं। इसी कारण वे अभी तक बच्चों को स्कूल नहीं भेज रहे हैं। इन सब परिस्थितियों की वजह से शिक्षा प्रणाली पूरी तरह से चरमरा गई है। बीते पूरे वर्ष ऑनलाइन पढ़ाई हुई। अभिभावक अभी तक बच्चों को स्कूल भेजने के बजाय ऑनलाइन कक्षाएं ही पसंद कर रहे हैं। ऐसे में शिक्षा प्रणाली की चुनौतियों से शिक्षक कैसे निपटें, इसे लेकर केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने माइक्रोसॉफ्ट एजुकेशन एंड टेक अवंत कार्डे, ग्लोबल माइक्रोसॉफ्ट से करार करके शिक्षकों के लिए हाइब्रिड लर्निंग की ट्रेनिंग देने का प्लान बनाया है। 15 नवंबर से विभिन्न तिथियों के बैच के हिसाब से शिक्षकों को यह ट्रेनिंग दी जाएगी।
प्रत्येक स्कूल से दो-दो शिक्षकों को दी जाएगी ट्रेनिंग
योजना के तहत प्रत्येक स्कूल के दो-दो शिक्षकों को ट्रेनिंग दी जाएगी। प्रशिक्षण कार्यकाल पांच दिवसीय होगा। एक्सपर्ट की तरफ से ट्रेनिंग दी जाएगी और शिक्षक ट्रेनिंग काल पूरा होने के बाद भी वे किसी भी विषय के संबंध में एक्सपर्ट से बाद में भी जुड़ कर राय ले सकेंगे।
5 नवंबर तक फार्म में भरकर देना होगा शिक्षकों का नाम
स्कूलों को इस ट्रेनिंग का हिस्सा अपने-अपने स्कूलों के शिक्षकों को बनाने के लिए रजिस्ट्रेशन व नामांकन की एंट्री सीबीएसई के लिंक पर करवानी होगी। इसके बाद हाइब्रिड लर्निंग प्रोग्राम के लिए सेशन की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू होगी। इसी अनुसार ही बैच बनाकर नामांकन करने वाले शिक्षकों को बांटा जाएगा, ताकि सभी इस लर्निंग का लाभ आसानी से ले सकें। इस सेशन की अवधि डेढ़ घंटे की होगी।
इस तरह से होगा ट्रेनिंग पीरियड का शेड्यूल
पहले दिन - हाइब्रिड लर्निंग एजुकेशन का परिचय
दूसरे दिन - हाइब्रिड लर्निंग कांसेप्ट और टूल किट
तीसरे दिन- लाइव क्लासरूम में हाइब्रिड लर्निंग का कार्यान्वयन
चौथे दिन - हाइब्रिड लर्निंग और कार्य प्रवाह के तत्व
पांचवें दिन - हाइब्रिड लर्निंग सेटअप - हार्डवेयर और सॉफ्टवेयर घटक
इस हिसाब से बनेंगे बैच
प्रशिक्षण कार्यक्रम तीन बैचों में आयोजित किया जाएगा।
पहला बैच- 15 से 19 नवंबर, 20 नवंबर को टेस्ट
दूसरा बैच- 22 से 26 नवंबर, 27 नवंबर को टेस्ट
तीसरा बैच- 29 नवंबर से तीन दिसंबर, 4 दिसंबर को टेस्ट
सीबीएसई ने शिक्षा प्रणाली की चुनौतियों से निपटने हेतु शिक्षकों के लिए हाइब्रिड लर्निंग की ट्रेनिंग देने का प्लान बनाया है। 15 नवंबर से विभिन्न तिथियों के बैच के हिसाब से प्रत्येक स्कूल से 2 शिक्षकों को यह ट्रेनिंग दी जाएगी।
- विनीता तोमर, जिला कोऑर्डिनेटर, सीबीएसई, पानीपत