पानीपत में बुधवार को एक बड़ा हादसा हो गया। शहर में विकास नगर में कूलर के पास खेल रहे 5 साल के एक बच्चे को करंट लग गया। बच्चे को आनन-फानन में परिजन सिविल अस्पताल ले गए। जहां चंद मिनटों के इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर सुनकर परिवार में कोहराम मच गया। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है।
मिली जानकारी के अनुसार
जानकारी के अनुसार, विकास नगर की गली नंबर 20 में सुबह 10 बजे हादसा हुआ है। मृतक की पहचान हिमांशु (5) के रूप में हुई है। वह नर्सरी कक्षा का छात्र था। बुधवार को उसका पिता घर से काम करने के लिए निकला था। मां घर पर काम कर रही थी। इसी दौरान हिमांशु संदिग्ध परिस्थितियों में कमरे में चल रहे कूलर के संपर्क में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक का एक बड़ा भाई भी है।
पोस्टमार्टम न कराने पर अड़े परिजन
बच्चे की मौत हो जाने के बाद डॉक्टरों ने सभी कागजी कार्रवाई पूरी कर शव काे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी हाउस रखवाने की बात कही। जिसके बाद उसका पिता हरिओम पोस्टमार्टम न करवाने की बात कहने लगा। इतना ही नहीं, उसने छुपके से बच्चे के शव को उठाया और उसे कंधे लगाकर लेकर दौड़ पड़ा। जिसके बाद उसके पीछे अस्पताल स्टाफ कर्मी और अन्य लोग दौड़े। कुछ दूर पर जाकर लोगों ने उसे रोक लिया। इसके बाद उसे समझाया गया। लेकिन वह पोस्टमार्टम न करवाने की बात पर अड़ा रहा। दो घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम हुआ।