पानीपत। सावधान! फिर से कोरोना का ग्राफ बढ़ना शुरू हो चुका है। यदि हालात इसी प्रकार बेकाबू रहे तो फिर से मुश्किलें बढ़ सकती हैं। शनिवार को 221 दिन बाद कोरोना के सबसे अधिक 103 केस मिले हैं। रिफाइनरी टाउनशिप में कोरोना के 17 केस मिले हैं। रिफाइनरी टाउनशिप को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। शनिवार को 14 वर्ष से कम आयु के तीन बच्चे भी कोरोना संक्रमित मिले हैं।
गौरतलब है कि पिछले आठ दिन में कोरोना संक्रमण के 298 केस मिल चुके हैं। इनमें से 290 होम आइसोलेट हैं। शनिवार को 12 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। अब जिले में कोरोना के सक्रिय रोगियों की संख्या 289 हो चुकी है। अब इनके संपर्क में आए लगभग 220 लोगों की कोरोना जांच होगी। कोरोना की तीसरी लहर में रिफाइनरी टाउनशिप में 40, मॉडल टाउन के 36 और सेक्टर 11-12 के भी 20 लोग कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमित लोगों में जननायक जनता पार्टा (जजपा) के प्रदेश संगठन सचिव देवेंद्र कादियान भी शामिल हैं।
उधर, सिविल सर्जन डॉ. जितेंद्र कादियान ने लोगों से अपील की कि संक्रमण से बचाव के लिए एहतियात बरतें। कोरोना गाइडलाइन का पालन करें। उन्होंने बताया कि सभी स्वास्थ्य कर्मियों को पीपीई किट पहनकर काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
अब तक 12 बच्चे आ चुके संक्रमण की चपेट में
तीसरी लहर में अब तक 12 बच्चे कोरोना की चपेट में आए हैं। जिले में अब तक कोरोना के 31,438 केस हो चुके हैं। इनमें से 30,507 लोग ठीक हो चुके हैं। अब तक 4,64,086 लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। अब तक जिले में कोरोना से 642 लोगों की मौत हो चुकी है। अब तक जिले में ओमिक्रॉन के चार केस दर्ज हुए हैं। शनिवार को कोरोना पॉजिटिविटी रेट 6.5 दर्ज किया गया है। कुल 1580 लोगों की कोरोना जांच की गई।
ऐसे बढ़ा कोरोना रोगियों का ग्राफ
- 1 जनवरी- 9 केस
- 2 जनवरी- 10 केस
- 3 जनवरी- 11 केस
- 4 जनवरी- 15 केस
- 5 जनवरी- 20 केस
- 6 जनवरी -65 केस
- 7 जनवरी- 65 केस
- 8 जनवरी- 103 केस
सिविल अस्पताल में दंपती डॉक्टर भी संक्रमित
सिविल अस्पताल में डॉक्टर दंपती भी कोरोना संक्रमित मिला है। डेंटल सर्जन की डॉक्टर पत्नी उझा पीएचसी में डॉक्टर है। दोनों को होम आइसोलेट कर दिया गया है। इनके संपर्क में आने वाले डॉक्टर व अन्य स्वास्थ्य कर्मी की भी कोविड जांच की जा रही है।
पानीपत। बाजार में दुकानदार व खरिदारी करने आए लोग बगैर मास्क के ही आए हुए।- फोटो : Panipat