असंध रोड पर पहले हाइटर और फिर दुकानों के आगे लोहे के फिक्स ग्रिल लगाने से गुस्साए दुकानदारों ने बाजार बंद कर असंध रोड पर लालबत्ती चौक के पास जाम लगा दिया।
सुबह के अति व्यस्त ट्रैफिक वक्त में आधा घंटा जाम लगने के बाद राहगीरों और वाहन चालकों का पसीना निकल गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझाकर दुकानदारों को शांत किया और सोमवार को उपायुक्त के सामने पक्ष रखवाने का भरोसा दिलाया।
दुकानदारोें ने असंध रोड पर हाइटर और ग्रिल लगाने के कदम को गलत करार दिया है और इसका विरोध करने की चेतावनी दी है।
असंध रोड पर लालबत्ती चौक से शनिवार को दुकानों के बाहर लोहे के फिक्स ग्रिल लगाने का काम शुरू हो गया। दुकानदार मामले को समझकर मौके पर पहुंचे और ठेकेदार से बात की।
ठेकेदार की बात सुनकर दुकानदार भड़क गए और विरोध में प्रधान अवतार सिंह की अगुवाई में बाजार बंद कर दिया। कुछ ही देर में आधा घंटा पहले खुला बाजार बंद हो गया और सभी दुकानदार एकजुट होकर लालबत्ती के नजदीक असंध रोड पर जाम लगाकर बैठ गए।
दुकानदारों के जाम लगाते ही असंध रोड पर रामलाल चौक तक जाम लग गया और सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए।
इसकी सूचना मिलते ही थाना शहर प्रभारी सुरेंद्र कुमार और ट्रैफिक शहर प्रभारी रमेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को ट्रैफिक सुचारू करने की दृष्टि से ग्रिल को उचित ठहराया।
इस पर दुकानदार भड़क गए। पुलिस अधिकारियों ने काफी प्रयास के बाद आधा घंटा जाम लगाने के बाद आक्रोशित दुकानदारों को शांत किया।
फायर ब्रिगेड तक नहीं आ सकती
असंध रोड बाजार एसोसिएशन के प्रधान अवतार सिंह ने बताया कि यहां पर हाइटर स्थायी तौर पर लगा दिए गए हैं। ऐसे में बड़ा वाहन नहीं गुजर सकता। इससे दुकानदारी प्रभावित होगी।
मोहनलाल ने बताया कि असंध रोड पर शिवपुरी है और शहर के ज्यादातर लोगों की अंतिम यात्रा यहीं पर आकर पूरी होती है। असंध रोड पर हाइटर लगाने से गाड़ी शव यात्रा लेकर नहीं निकल सकती।
यह दुखी परिवार को परेशान करने वाली बात है। मनोहर लाल ने कहा कि यहां प्लाई और लकड़ी का कारोबार है। ऐसे में इस बाजार में आगजनी की कोई घटना हो जाए तो गाड़ी नहीं आ सकती।
प्रशासनिक अधिकारियों ने फैसला लागू करते समय इस तरह ध्यान नहीं दिया। दुकानदार अशोक कुमार ने बताया कि प्रशासन मनमाने फैसले लागू करती है। इससे लोगों को परेशानी होती है।
विरोध करते ही कारीगर भागे, कुछ देर बाद ग्रिल ले गए
दुकानदारों के विरोध करते ही ग्रिल लगा रहे कारीगर भाग खड़े हुए। दुकानदारों ने ठेकेदार को भी घेर लिया और उनको जमकर खरी-खोटी सुनाई। दुकानदारों के विरोध के चलते दोपहर तक असंध रोड के दोनों तरफ रखे ग्रिल भी उठा ले गए। इसके बाद दुकानदारों ने कुछ राहत की सांस ली।
फोन किया तो बोले डीसी सोमवार को मिलेंगे
पुलिस अधिकारियों ने दुकानदारों को असंध रोड से उठने की कही तो वे डीसी के सामने अपना पक्ष रखने की बात पर अड़ गए। पुलिस अधिकारियों ने कैंप और कार्यालय में फोन किया। वहां पर शनिवार और रविवार की छुट्टी के बाद सोमवार को उपायुक्त से मिलने के बारे में जवाब मिला। इस पर दुकानदार भड़क उठे। दुकानदारों ने कहा कि वे दो दिन तक इंतजार नहीं कर सकते। इसके बाद दोपहर के वक्त एसडीएम पानीपत ने दुकानदारों से बात की और उन्होंने सोमवार को उपायुक्त के साथ इस विषय में बैठक कराने का आश्वासन दिया।
दुकानदारों ने ठहराया गलत
दुकानदार राजेश कुमार ने बताया कि असंध रोड स्टेट हाईवे है। इस पर भारी वाहनाें की नो एंट्री करना गलत है। इससे दुकानदारी खत्म हो जाएगी और दुकानदारों को अपने रोटी तक के लाले पड़ जाएंगे। प्रशासन को इस दिशा में सकारात्मक कदम उठाना चाहिए।
दुकानदार तिलक राज ने कहा कि असंध रोड पर पहले हाइटर लगा दिए थे और अब दुकानों के बाहर लोहे की ग्रिल फिक्स किया जा रहा है। ऐसे में लोग दुकानों पर नहीं पहुंच पाएंगे और लोग अपने किराए तक नहीं निकाल सकेंगे।
दुकानदार मुकेश कुमार ने बताया कि महंगाई के चलते खरीदारी कम हुई है और अब फिक्सिंग लगने के बाद बाजार पूरी तरह से ठप हो जाएगा। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों को मनमर्जी करने की बजाय लोगों के हित में काम करना चाहिए। इससे शहर का माहौल सुधरने की बजाय खराब होगा।
रामलाल चौक तक है योजना
असंध रोड पर लालबत्ती से लेकर रामलाल चौक तक दुकानों के बाहर लोहे की ग्रिल फिक्स करने की योजना है। ग्रिल लगाने का काम नगर निगम की ओर से कराया जा रहा है। ठेकेदार सुखविंदर सिंह ने बताया कि उनको लालबत्ती से असंध रोड तक ग्रिल लगाने का काम मिला हुआ है। यह सब जॉब वर्क है और इसके दोनों तरफ ग्रिल लगानी है। ठेकेदार असंध रोड के दूसरी तरफ रामलाल चौक तक पर ग्रिल लगाने की बात पर टलने लगा। दुकानदारों ने बताया कि प्रशासनिक अधिकारी अलग-अलग हिस्सों में दुकानों के बाहर ग्रिल लगवाना चाहते हैं।
यह है बाजार का महत्व
असंध रोड स्टेट हाईवे होने के साथ इसके बाजार का भी महत्व है। यहां पर दोनों तरफ मोबाइल और किताबों की दुकानें हैं। इसके अलावा लकड़ी, प्लाई व पत्थर की कई बड़ी-बड़ी दुकान हैं। असंध की शिवपुरी भी अलग से महत्व रखती है। शहर के अधिकतर लोगों की अंतिम यात्रा यहीं पर आकर पूरी होती है।
पहले ये उठा रखे हैं कदम
असंध रोड पर लालबत्ती से लेकर रामलाल चौक के बीच यातायात को सुचारू रखने के लिए पहले भी कई कदम उठाए जा चुके हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने सबसे पहले इस टुकड़े को नो पार्किंग जोन घोषित कर दिया और यहां पर धारा 144 लगा दी। इसके बाद भी यातायात सुचारू नहीं हो सका। प्रशासनिक अधिकारियों ने गत सप्ताह हाइटर लगाने का फैसला ले लिया और वीरवार को असंध रोड पर स्कूल बसों व भारी वाहनों की एंट्री बंद हो गई।