पानीपत। अनाजमंडी के पास कार चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी पवन को सीआईए-2 ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से कार बरामद करने और गहनता से पूछताछ करने के लिए उसे न्यायालय में पेश किया गया, उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
सीआईए-2 प्रभारी इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि रविवार को टीम जीटी रोड पर गश्त पर थी। टीम को गुप्त सूचना मिली की संदिग्ध युवक किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में अनाज मंडी कट के पास घूम रहा है। दबिश देकर आरोपी युवक को काबू कर गहनता से पूछताछ की तो आरोपी ने अपनी पहचान पवन निवासी संत नगर के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ की गई तो मई 2019 में पानीपत लोधी पार्क के सामने से महिंद्रा एक्स यूवी कार चोरी करने की वारदात का खुलासा हुआ। आरोपी पवन का पहले भी आपराधिक रिकार्ड मिला है, आरोपी के खिलाफ सोनीपत, झज्जर और दिल्ली के विभिन्न थाना में मारपीट, धमकी, अवैध शराब तस्करी, दुष्कर्म का प्रयास और आर्म्स एक्ट के कई मामले दर्ज है।