कोरोना की तीसरी लहर दस्तक दे चुकी है। अब हर रोज कोरोना के औसतन 15-17 केस मिल रहे हैं। 25 दिसंबर से अब तक जिले में कोरोना के 80 सक्रिय रोगी हैं, इनमें से 60 ऐसे रोगी हैं, जो कोरोना टीकाकरण की दोनों खुराक ले चुके थे। इस लहर में जो रोगी मिल रहे हैं, उनमें कोरोना संक्रमण के पहले जैसे लक्षण नहीं मिल रहे हैं। इस समय अस्पताल में आ रहे संक्रमित मरीजों को दो दिन बुखार हो रहा है। वे पांच दिन में संक्रमण से उभर रहे हैं। किसी भी रोगी को सांस लेने में दिक्कत नहीं है। संक्रमण के दौरान कई रोगियों के नाखून हल्के पीले हो गए थे। जो बाद में ठीक हो गए।
डॉक्टरों के अनुसार कोरोना टीकाकरण की खुराक से लोगों में एंटीबॉडी बन चुकी है। इससे वायरस फेफड़ों को प्रभावित नहीं कर पा रहा है। इसलिए लोगों को सांस लेने में दिक्कत नहीं हो रही है। लोग संक्रमण से जल्द उभर भी रहे हैं। वायरस शरीर को नुकसान नहीं पहुंचा पा रहा है। इस लहर में आठ बच्चे कोरोना से संक्रमित हो चुके हैं, लेकिन उनमें कोरोना के लक्षण नहीं मिले हैं। इनके माता- पिता संक्रमित हुए इसलिए ये भी कोविड की चपेट में आ गए थे।
सभी कोरोना संक्रमित मरीजों की हालत सामान्य
जिले के सभी 80 कोरोना संक्रमितों की हालत सामान्य है। इनमें से 22 लोग अस्पताल में दाखिल है, बाकी होम आइसोलेट हैं। किसी भी रोगी की हालत गंभीर नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार इनमें से अधिकतर को तो कोविड के कोई लक्षण भी नहीं मिले थे।
जिले में गोवा से 31 लौटे, इनमें से 26 संक्रमित मिले
गोवा से लौटने वाले कई लोग संक्रमण की चपेट में पाए गए हैं। 22 दिसंबर के बाद से अब तक जिले में 31 लोग गोवा से लौटे हैं इनमें से 26 संक्रमित मिले हैं। इन लोगों को वहां से लौटने के बाद बुखार हुआ तो इन्होंने जांच कराई तो ये संक्रमित मिले हैं। जिले में कोरोना के 80 सक्रिय रोगी हैं इनमें से 70 लोग मनाली, शिमला, गोवा व उत्तराखंड घूमकर लौटे थे।
विदेश से आए 57 लोग नहीं हुए ट्रेस, रिपोर्ट मुख्यालय भेजी
पिछले सवा दो माह में लगभग 1 हजार लोग विदेश से शहर में लौटे हैं। इनमें से 57 लोग ऐसे मिले जो अपने पते पर नहीं मिले। जो दिल्ली एयरपोर्ट से कहीं ओर चले गए। स्वास्थ्य विभाग व पुलिस ने इनको ट्रेस करने का प्रयास किया, लेकिन इनका सुराग नहीं लगा। विभाग ने अब इन सबकी रिपोर्ट मुख्यालय में भेज दी है।
विदेश से अब तक लौटे पांच में चार ओमिक्रॉन पॉजिटिव, एक रिपोर्ट पेडिंग
विदेश से लौटने वालों में पांच लोग एयरपोर्ट पर कोरोना संक्रमित मिले। स्वास्थ्य विभाग ने इनके जीनोम सिक्वेंसिंग सैंपल भेजे। इनमें से चार ओमिक्रॉन पॉजिटिव मिले। एक महिला के सैंपल की रिपोर्ट आना पेंडिंग है। ये महिला दो जनवरी को इंग्लैंड से यहां लौटी थी।
वर्जन
टीके की खुराक के बाद लोग संक्रमित तो हो रहे हैं लेकिन वायरस उनके शरीर को प्रभावित नहीं कर पा रहा। किसी भी रोगी को सांस लेने में दिक्कत नहीं हो रही है। टीकाकरण से लोगों में एंटीबॉडी बन चुकी है। शरीर में बीमारियों से लड़ने की क्षमता विकसित हो गई है।
डॉ. मनीष पाशी, नोडल अधिकारी कोरोना टीकारकण अभियान