पानीपत। मकड़ी गैंग ने एक और वारदात अंजाम दे दी। शनिवार को राजीव कॉलोनी स्थित मिष्ठान भंडार में लड्डू खरीदने आए दो युवकों ने गर्दन पर मकड़ी चढ़ी होने का डर दिखाकर हलवाई के कपड़े उतरवा दिए। फिर हलवाई की शर्ट और पैंट की जेब में रखे 32 हजार रुपये लेकर फरार हो गए। एक युवक ने पैसे निकाले और दूसरा बाइक लेकर दुकान के बाहर तैयार खड़ा रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों बाइक में बैठकर फरार हो गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
किला थाना पुलिस को दी गई शिकायत में राजीव कॉलोनी निवासी हलवाई रघुबीर सिंह ने बताया कि दोपहर करीब दो बजे उनकी दुकान पर एक युवक आया। उसने काले रंग का मास्क पहना था। आते ही कहा कि अंकल जी पहचाना। इंकार करने पर बोला कि आपकी याददाश्त कमजोर हो गई है। एक किलो लड्डू दे दो। जैसे ही वह लड्डू तौलने के लिए दुकान के अंदर जाने लगा तो युवक भी पीछे-पीछे आ गया। इतने में उसने कहा कि अंकल, आपकी गर्दन पर मकड़ी चढ़ रही है। वह शर्ट उतारने लगा कि इसी बीच उसकी जेब से रुपये निकाल लिए। उसने शर्ट के बटन खोले ही थे कि युवक ने कहा कि उसने मकड़ी मार दी। फिर लड्डू के बारे में पूछने के लिए घर पर कॉल करने की बात कहकर बाहर आया और वहां पहले से मौजूद बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया। जब शर्ट के बटन बंद करने लगे तो जेब में रखे पांच हजार रुपये नहीं मिले। पैंट की जेब से 27 हजार रुपये भी नहीं थे।
-
पीछा कर एक आरोपी को पकड़ा, लेकिन धक्का देकर हुआ फरार
रघुबीर ने बताया कि चोरी का पता चलते ही वह साइकिल से उनके पीछे भागे। शोर मचाते हुए हनुमान कॉलोनी तक पीछा किया, लेकिन वे आंखों से ओझल हो गए। दुकान पर लौटते वक्त फिर से आरोपी दिखे, जिनमें एक युवक की जर्सी पकड़ ली, लेकिन वे धक्का देकर फरार हो गए।