समालखा। पंचायत में बोलते हुए विधायक धर्म सिंह छौक्कर।
- फोटो : Panipat
समालखा (पानीपत)। गांव मनाना में सात वर्षीय बच्ची की हत्या के आरोपी को काबू करने के बाद से पीड़ित पक्ष जहां पुलिस कार्रवाई से संतुष्ट है, वहीं आरोपी के परिजन व कुछ ग्रामीणों ने मामले में इस पर सवालिया निशान उठाए हैं। इसी को लेकर गांव के ढोखर तालाब के पास चौपाल में 36 बिरादरी की पंचायत हुई। इसमें विधायक धर्म सिंह छौक्कर भी शामिल हुए। उनके नेतृत्व में पंचायत में 11 सदस्यीय कमेटी भी बनाई गई जो इस संदर्भ में अधिकारियों से मिलेगी।
विदित है कि गांव के कंडी माता मंदिर में 12 दिसंबर रविवार को मूर्ति स्थापना कार्यक्रम था। इसमें सात वर्षीय बच्ची भी परिवार के साथ गई थी, लेकिन इसी दौरान वह लापता हो गई। उसका पता नहीं चला और दो दिन बाद 14 दिसंबर मंगलवार को उसका शव गांव के पावर हाउस के सामने झाड़ियों में मिला था। पुलिस ने मामले में गांव के ही प्रवीन को बच्ची की हत्या के आरोप में काबू किया था। पुलिस की कार्रवाई से मृतका के परिजन तो संतुष्ट हैं और जल्द से जल्द आरोपी को फांसी देने की मांग कर रहे हैं। दूसरी ओर आरोपी के परिवार तथा उनके साथ कुछ ग्रामीण आरोपी प्रवीन को साजिश के तहत फंसाने का आरोप लगा रहे हैं।
ऐसे में मामला तूल पकड़ रहा है। इस संबंध में शनिवार को गांव में मुनादी कराकर लोगों से ढोखर जोहड़ के पास चौपाल में इक्ट्ठा होने की अपील की गई थी। सुबह करीब 10 बजे पंचायत शुरू हुई और इसमें काफी संख्या में ग्रामीण पहुंचे। बाद में विधायक धर्म सिंह छौक्कर भी पंचायत में पहुंचे। इसमें लोगों ने अपनी बात रखी। इस दौरान भी आरोपी के परिजन व कुछ ग्रामीण पुलिस की कार्रवाई से असंतुष्ट दिखे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मनगढंत कहानी बनाकर प्रवीन को हत्यारा साबित करने की कोशिश की है। इस मामले में साजिश दिखाई दी रही है। इस बारे में विधायक धर्म सिंह छौक्कर ने कहा कि वे स्वयं ग्रामीणों के साथ पुलिस के उच्चाधिकारियों से मिलकर उनकी बात सामने रखेंगे। साथ ही निष्पक्ष जांच की मांग की जाएगी ताकि किसी भी निर्दोष को सजा ना मिले और जो कोई भी दोषी है उसे बख्शा नहीं जाए।