पिंजौर/कालका। जननायक जनता पार्टी के प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा है कि हर हाल में हरियाणवी युवाओं को 75 प्रतिशत लोकल रोजगार कानून का अधिकार दिलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए मजबूती के साथ कोर्ट में लड़ाई लड़ेंगे और सुप्रीम कोर्ट से लड़ाई जीतकर युवाओं के रोजगार के सपने को साकार करेंगे। प्रदेश के युवाओं के रोजगार में अड़चन बनने वाले लोगों को भी जल्द उजागर किया जाएगा।
दिग्विजय सिंह चौटाला शनिवार को जनसंपर्क अभियान के तहत कालका हलके के दौरे पर थे। उन्होंने कई जनसभाओं को संबोधित कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। जेजेपी प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश के युवाओं को रोजगार का अधिकार दिलाने के लिए जेजेपी शुरू से ही प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जो लोग हरियाणा के होकर हरियाणवी युवाओं के रोजगार में अड़चन बन रहे हैं, वे कानून के ही नहीं बल्कि हरियाणवी युवाओं के विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणवी युवाओं के रोजगार को रोकने वालों को जल्द उजागर करेंगे।
जेजेपी प्रधान महासचिव ने पिंजौर हवाई पट्टी का जिक्र कर कहा कि हवाई पट्टी के विस्तारीकरण की योजना को तेजी से सिरे चढ़ाने के लिए कार्य कर रहे हैं। इसके लिए पिछले दिनों ही हवाई पट्टी का दौरा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए थे। इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक सतविंद्र राणा, जेजेपी प्रदेश कार्यालय सचिव रणधीर सिंह, प्रदेश महासचिव दिलबाग नैन, पंचकूला शहरी जिला प्रधान ओपी सिहाग, ग्रामीण जिला प्रधान भाग सिंह दमदमा सहित अन्य स्थानीय नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।