पंचकूला। जाट सभा ने सेक्टर-6 स्थित चौधरी छोटूराम भवन में चौधरी छोटूराम की 141वीं जयंती मनाई। कोरोना महामारी के मद्देनजर सादा समारोह आयोजित किया गया। कोविड नियमों का पालन कर दीनबंधु छोटूराम की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनको श्रद्धांजलि दी गई। इससे पूर्व, चंडीगढ़ स्थित जाट भवन में स्थापित चौधरी छोटूराम की प्रतिमा पर भी पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। जाट सभा के प्रधान एवं हरियाणा पुलिस के पूर्व डीजीपी डॉ. महेंद्र सिंह मलिक ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
उन्होंने कहा कि दीनबंधु छोटूराम किसान-मजदूर की हालत से चिंतित रहते थे। उन्होंने इन वर्गों के लिए अनेक कानून बनवाए। इसके अलावा उन्होंने समाज की बेहतरी के लिए कई ऐतिहासिक कदम उठाए। डॉ. मलिक ने कहा कि केंद्र सरकार को पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ में चौधरी छोटूराम के नाम से एक चेयर स्थापित करनी चाहिए, ताकि युवा कृषि के क्षेत्र में शोध कर सकें। उन्होंने हरियाणा सरकार से पंचकूला में भी सेक्टर-6 के पास स्थित चौक का नाम चौधरी छोटूराम के नाम पर रखने और नगर निगम पंचकूला के टपोरी पार्क का नाम भी चौधरी छोटूराम पार्क रखकर उसमें चौधरी साहब की प्रतिमा स्थापित करने की मांग की।
इस मौके पर जम्मू के कटरा में निर्माणाधीन चौधरी छोटूराम यात्री निवास के लिए 5 लाख रुपये का चेक देने पर कुरुक्षेत्र निवासी देशपाल तोमर को सम्मानित किया गया। देशपाल ने अपनी स्वर्गीय धर्मपत्नी कुसुमलता की स्मृति में कमरा बनवाने के लिए पांच लाख रुपये की राशि दान की है। कार्यक्रम में चौधरी छोटूराम को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद जाट सभा के उपप्रधान राजसिंह हुडा और आजीवन सदस्य रहे महाबीर सिंह गहलावत के निधन पर शोक जताया। इस मौके पर जाट सभा के महासचिव आरके मलिक, उपाध्यक्ष जयपाल पुनिया, खजांची राजेंद्र खर्ब, वरिष्ठ लेखक राजबीर राज्याण, देशपाल तोमर, बेटा हिमांशु, पुत्रवधू आकांक्षा भी उपस्थित रही।