मुक्तसर। शनिवार की दोपहर करीब दो बजे मॉडल टाउन गली नंबर 1 की बैकसाइड रेलवे लाइन की तरफ एक व्यक्ति ने कीरच मारकर अपनी पत्नी को मौत के घाट उतार दिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी अनुसार मृतका संदीप कौर (23) का अपने पति मनजिंदर सिंह (30) पुत्र कुलवंत सिंह वासी गांव मल्लूवाला (जीरा) के साथ तलाक को लेकर विवाद चल रहा था। मृतका का पति मनजिंदर उसे बार-बार फोन करके अपने साथ घर लेजाना चाहता था, जबकि संदीप कौर उसके साथ घर वापस नहीं जाना चाहती थी। शनिवार को एक बार फिर संदीप का पति उसे घर ले जाने मुक्तसर आया। दोपहर करीब दो बजे मनजिंदर सिंह और संदीप में इस बात पर बहस हो गई। इसी दौरान मनजिंदर ने संदीप कौर को कीरच के तीन-चार वार कर मौत के घाट उतार दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हत्या को अंजाम देकर आरोपी पति मौके से फरार हो गया। मृतक की माता परविंदर कौर ने कहा कि उसकी बेटी की मनजिंदर सिंह से करीब छह-सात वर्ष पहले शादी हुई थी, तभी से दोनों मेंलड़ाई-झगड़ा चला आ रहा था। उनकी बेटी पिछले छह महीने से मुक्तसर उनके पास ही रह रही थी। पिछले दिनों भी परिवार वाले उसे लेने आए थे और लड़ाई-झगड़ा कर गए थे। शनिवार को जब उसका दामाद मनजिंदर सिंह अपनी पत्नी संदीप कौर को दोबारा घर ले जाने की जिद पर अड़ गया तो मनजिंदर और संदीप में विवाद हो गया। उसके दामाद ने संदीप कौर को जान से मार दिया। परविंदर कौर के अनुसार मृतका का पति स्मैक समेत अन्य नशा करने का आदी है। मृतका का दो वर्ष का एक बेटा भी है।
थाना जीआरपी फरीदकोट के मुख्य अफसर एसएचओ सुखदेव सिंह ने बताया कि यह घटना रेलवे के क्षेत्र में हुई है। हत्यारोपी पति के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज किया जा रहा है।