पंचकूला। मनसा देवी कांप्लेक्स के सेक्टर-4 के एक बुजुर्ग दंपती को अपना घर छोड़कर किराये के मकान में शिफ्ट होना पड़ा है। इसका कारण हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारियों की लापरवाही है। साथ वाले प्लॉट में चार मंजिला बिल्डिंग बनाए जाने के कारण बुजुर्ग दंपती के मकान में कई दरारें आ गई हैं। अब दोनों को वहां रहने में भी डर लगने लगा है। विजय वढ़ेरा ने इसकी शिकायत एचएसवीपी के इस्टेट ऑफिसर के अलावा मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी और एचएसवीपी के चीफ एडमिनिस्ट्रेटर को की है। शिकायत के बावजूद भी प्राधिकरण के अधिकारियों ने मौके का मुआयना तक नहीं किया है।
सेक्टर-4 निवासी विजय वढ़ेरा ने बताया कि उनका मकान प्लॉट नंबर 331 में है। वर्ष 2000 से वो यहां अपनी पत्नी गीता वढ़ेरा के साथ रह रहे हैं। उनके साथ वाले प्लॉट में फ्लैट बनाए जा रहे हैं। जब बिल्डिंग का निर्माण शुरू किया गया था, तब विजय वढ़ेरा ने निर्माण के तरीके पर आपत्ति जताई थी। मगर प्लॉट मालिक ने कहा कि उनके मकान को कोई नुकसान नहीं पहुंचेगा। विजय वढ़ेरा बताते हैं कि उनके आधे से ज्यादा मकान में अब दरार आ चुकी है। डर लगता है कहीं मकान गिर न जाए। इसलिए मकान को छोड़कर किराये के मकान में रह रहे हैं। वीरवार को पीड़ित ने घटना की शिकायत
40 लाख रुपये से बनाया था मकान
विजय वढ़ेरा ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2000 में मकान बनाने पर 40 लाख रुपये खर्च किए थे। अब उनके मकान की कीमत करोड़ों रुपये थी। मगर अब दरार आ जाने के कारण मकान बर्बाद हो गया है। विजय वढ़ेरा ने बताया कि बिल्डर का मानना यह है कि बुजुर्ग दंपती की देखभाल करने वाला कोई नहीं है, तो वह उन्हें परेशान कर सकता है।
उन्होंने बताया कि बिल्डर उन्हें एचएसवीपी और प्रशासन में पहुंच होने की धौंस भी दिखाता है। एमडीसी थाना पुलिस को दी शिकायत में विजय वढ़ेरा ने बताया कि रात को बिल्डर के कर्मचारी छत के पास से दीवार तोड़कर उनकी प्रॉपर्टी में घुस आए। जब इस बात का विरोध किया तो उन्होंने दीवार में बनाया गया रास्ता भी बंद करने से मना कर दिया। उन्होंने घटना की शिकायत पुलिस को दी।
विजय वढ़ेरा की शिकायत हमें मिल गई है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। निष्पक्ष जांच की जाएगी। - वाहिदा हामिद, एसएचओ, एमडीसी थाना
हमें शिकायत मिली है। जल्द ही इस मामले में बिल्डिंग बनाने वाली पार्टी को नोटिस जारी किया जाएगा। अगर नियमों के खिलाफ निर्माण किया जा रहा है तो कार्रवाई की जाएगी। - राकेश संधू, इस्टेट ऑफिसर, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण