कालका। पिंजौर-बद्दी राष्ट्रीय राजमार्ग पर बसौंला गांव के पास अंडरपास की मांग को लेकर गांव के पूर्व सरपंच जग्गा सिंह, दविंद्र, जसबीर, अजैब सिंह, करतार सिंह समेत ग्रामीणों ने शिवालिक विकास मंच के प्रधान एवं राज्य सरकार में चेयरमैन रह चुके विजय बंसल एडवोकेट को ज्ञापन सौंपा। विजय बंसल ने बताया कि उन्होंने भी केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, एनएचएआई के चेयरमैन और प्रोजेक्ट डायरेक्टर को ग्रामीणों की मांग को पूरा करने के लिए एक विस्तृत जानकारी ज्ञापन के साथ भेजा है।
ग्रामीणों ने उन्हें बताया कि इस हाईवे के बनने के बाद यदि बसौला गांव को अंडरपास नही दिया गया तो ग्रामीणों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ेगा। इसमें हमेशा दुर्घटनाओं के होने की संभावना बनी रहेगी। विजय बंसल ने बताया कि ग्रामीणों की मांग जायज है। उन्हाेंने कहा कि ग्रामीणों की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया जाएगा। उन्होंने बताया कि बसौंला गांव में एक वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल है। इसमें कई गांवों के बच्चे पढ़ने आते हैं। ऐसे में जब अंडरपास नहीं होगा तो बच्चों को सड़क पार करने में दिक्कत आएगी।